गद्दा फैक्ट्री में लगी आग, जिंदा जला मजदूर
गद्दा फैक्ट्री में आग लगने से एक मजदूर जिंदा जल गया
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद में एक गद्दा और फोम बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. इस हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे एक मजदूर की जिंदा जलने से मौत हो गई.
मजदूर जान बचाने के लिए चीखता-चिल्लाता रहा लेकिन आग इतनी तेजी से फैली की उसके साथी उसे बचा नहीं पाए.
इस आगजनी से फैक्ट्री पूरी तरह से जलकर खाक हो गई.
पुलिस के मुताबिक घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम कुटेशर की है. यहां गद्दा और फोम बनाने वाली एक फैक्ट्री है. शुक्रवार रात को फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. उस समय फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे.
फैक्ट्री में केमिकल सहित सारा सामान जलने वाला था, इसलिए देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग आग की चपेट में आ गई. आग की लपटें देख फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई. मजदूर अपनी जान बचाने के लिए तत्काल बाहर भागे.
इस दौरान एक मजदूर त्रिलोचन ध्रुव वहीं फंस गया. वह आग से चारों तरफ से घिर गया. बाहर नहीं निकल पाने से वह जिंदा जल गया. मृतक धमतरी के मगरलोड का रहने वाला था. उसके साथ फैक्ट्री के अंदर 17 अन्य मजदूर काम कर रहे थे.
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने आग पर काबू पाया.
आग लगने से फैक्ट्री मालिक मुकेश अग्रवाल को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है. आग लगने का वास्तविक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रहा है.