वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत 19 पर FIR
सक्ती | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती में वेदांता के पावर प्लांट में 20 मजदूरों की मौत के मामले में राज्य सरकार ने वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है.
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट ने इसे महज एक तकनीकी दुर्घटना नहीं, बल्कि गंभीर प्रबंधन लापरवाही का परिणाम बताया है. इसी आधार पर पुलिस ने अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
जांच टीम के अनुसार हादसा 14 अप्रैल की दोपहर करीब 2:33 बजे हुआ, जब 2028 टीपीएच क्षमता वाले वाटर ट्यूब बॉयलर में जोरदार विस्फोट हुआ. यह विस्फोट अचानक नहीं, बल्कि घटनाओं की एक श्रृंखला का परिणाम था.
जांच में सामने आया कि हादसे से ठीक पहले महज एक घंटे के भीतर प्लांट का लोड 350 मेगावाट से बढ़ाकर 590 मेगावाट कर दिया गया था. उत्पादन को तेजी से बढ़ाने की इस कोशिश ने फर्नेस के भीतर दबाव को खतरनाक स्तर तक पहुंचा दिया.
इसी दौरान अधजले ईंधन (अनबर्न फ्यूल) के जमा होने और असंतुलित दहन के कारण फर्नेस के भीतर आंतरिक विस्फोट हुआ. यह दबाव वृद्धि केवल 1 से 2 सेकंड में हुई, जिसे नियंत्रित करना तकनीकी रूप से असंभव था.
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि पीए फैन, जो ईंधन और हवा के संतुलन को नियंत्रित करता है, हादसे से पहले 3-4 घंटे में तीन बार खराब हुआ था. सुबह 10:30 बजे ही इसकी खराबी की चेतावनी लॉगबुक में दर्ज की गई थी, लेकिन इसके बावजूद उत्पादन बंद नहीं किया गया. इस लापरवाही के कारण फर्नेस में असंतुलन बढ़ता गया और अंततः विस्फोट हुआ. विस्फोट के बाद बॉटम रिंग हेडर के पाइप फट गए और आसपास की पाइपलाइन भी इसकी चपेट में आ गई.
जांच रिपोर्ट में एक और गंभीर तथ्य सामने आया है कि प्लांट के कंट्रोल रूम में लगातार रेड सिग्नल के रूप में खतरे के संकेत मिल रहे थे. इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने इन चेतावनियों को नजरअंदाज किया और उत्पादन जारी रखा.
इसी पृष्ठभूमि में पुलिस ने वेदांता समूह के शीर्ष प्रबंधन को भी जिम्मेदार मानते हुए गैर-इरादतन हत्या और आपराधिक लापरवाही जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया है.