राहुल गांधी पर FIR: झलकी RSS-BJP की 'मनुवादी सोच'- भूपेश बघेल
रायपुर । संवाददाता: उत्तराखंड के हल्द्वानी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज हुई पुलिस प्राथमिकी (FIR) पर देश की राजनीति गरमा गई है. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने इस पुलिस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की "मनुवादी सोच" का प्रतीक करार दिया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी अपने एक बयान में भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई हाशिये पर मौजूद समुदायों और बहुजन समाज के हक में उठने वाली आवाजों को खामोश करने की नीयत से की गई है.
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इस FIR के जरिए यह संदेश देना चाहती है कि जो भी व्यक्ति छुआछूत और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाएगा, उस पर कार्रवाई होगी-चाहे वह देश का नेता प्रतिपक्ष ही क्यों न हो.
भूपेश बघेल ने आगे कहा कि RSS और भाजपा की यह सोच बहुजन समाज को "अछूत" मानने की मानसिकता को दर्शाती है. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुए कथित अपमान का जिक्र करते हुए कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति का व्यक्तिगत अपमान नहीं है, बल्कि यह पूरे बहुजन समाज के सम्मान पर हमला है.
कांग्रेस नेता ने साफ किया कि ऐसी किसी भी पुलिस कार्रवाई या डराने-धमकाने की रणनीति से कांग्रेस पार्टी पीछे नहीं हटने वाली है. पार्टी सामाजिक न्याय, जातिगत भेदभाव और बहुजनों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे जारी रखेगी.