लोकगायिका नेहा सिंह राठौर पर एफआईआर का समर्थन भी, विरोध भी
छत्तीसगढ़ लोकगायिका नेहा सिंह राठौर पर एफआईआर
लखनऊ | डेस्कः लोकप्रिय लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के नाम उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एफआईआर दर्ज की गई है. इसके बाद भी नेहा सिंह लगातार अपने अंदाज में सरकार से तीखे सवाल करती हुई नजर आ रही हैं.
उन्होंने सवाल किया है कि भारत में आजकल देशभक्ति का सर्टिफिकेट बीजेपी का आईटी सेल बाँट रहा है क्या? जितनी अफ़वाह फैलाना है फैलाओ. मैं सवाल पूछना बंद नहीं करूँगी. लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना नागरिक का धर्म है. मैं अपने धर्म से नहीं हटने वाली. बताओ, पर्यटकों के लिए सुरक्षा प्रबंध क्यों नहीं थे?
यूपी में का बा, बिहार में का बा, जैसे गीतों से चर्चित हुईं नेहा सिंह राठौर पर पहलगाम आतंकी हमले में टिप्पणी को लेकर लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है.
उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले अभय प्रताप सिंह की तहरीर पर 11 धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है.
लोकतंत्र का साइज़ तो देखो
नेहा सिंह राठौर के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर पर उनका रिएक्शन भी सामने आया है.
नेहा सिंह राठौड़ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, मेरे ऊपर FIR हो गई है. होनी भी चाहिए. एक मामूली लड़की इतने बड़े लोकतंत्र में सवाल कैसे पूछ सकती है! लोकतंत्र का साइज़ तो देखो! दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है भाई! धन्यवाद
मोदी और योगी का शुक्रिया
नेहा सिंह राठौर पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की 10 और आईटी एक्ट (संशोधित) की 1 धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसके बाद नेहा ने एक और वीडियो जारी किया.
लखनऊ में अभय सिंह नाम के शख्स ने नेहा सिंह राठौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है.
रविवार को दर्ज एफआईआर के बाद नेहा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर दो विभिन्न प्रतिक्रियाएं दीं.
एक में उन्होंने तंज करने वाले लहजे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रिया अदा किया.
दूसरी पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि उनके खाते में सिर्फ 519 रुपये हैं और उन्हें वकील की जरूरत है.
अब सोमवार, 28 अप्रैल को नेहा ने एक वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि चूंकि सरकार, पहलगाम हमले से लोगों का ध्यान भटकाना चाहती है इसलिए उन पर एफआईआर दर्ज की गई.
मेरे सिर पर नाकामी का ठीकरा
वीडियो शेयर करते हुए नेहा ने लिखा- पहलगाम हमले के जवाब में अब तक सरकार ने क्या किया है? मेरे ऊपर FIR ? अरे दम है तो जाइये. आतंकवादियों के सिर लेकर आइये! सरकार मेरे ऊपर FIR करवाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है. क्या ये बात समझना इतना मुश्किल है?
1 मिनट 24 सेकेंड के वीडियो में राठौर ने कहा कि पीएम भगवान नहीं हैं. बीजेपी देश नहीं है. सवालों से दिक्कत है तो सरकार छोड़ दीजिए तब मैं सवाल नहीं पूछूंगी.
उन्होंने कहा कि अपनी नाकामी का ठीकरा मेरे कपार (सिर) पर मढ़ने की जरूरत नहीं है. जिस तरह लोकतंत्र में एक एक वोट जरूरी होता है, उसी तरह सवाल भी जरूरी है.
राठौर ने कहा कि दरअसल, सवालों का जवाब नहीं है इसलिए नोटिस भेज दें, एफआईआर करा दें, नौकरी छीन लो, अपमानित कर दो, गाली दे दो. क्या यही राजनीति है? अगर ये राजनीति है तो तानाशाही क्या है?
अखिलेश यादव का समर्थन
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लोक गीत गायिका नेहा सिंह राठौर पर देशद्रोह का केस दर्ज होने के सवाल पर जवाब दिया है.
उन्होंने कहा कि अभी हमने उनकी कविता नहीं सुनी. उन्होंने जो कहा होगा वो अच्छा ही कहा होगा.
प्रेस वार्ता के दौरान नेहा सिंह राठौर का बयान सबके सामने चलाया गया.
अखिलेश का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है कि क्या नेहा सिंह राठौर को अखिलेश यादव का समर्थन मिल गया है.
गाजियाबाद विधायक ने कार्रवाई की मांग की
इसके अलावा गाजियाबाद से बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने भी नेहा राठौर पर कार्रवाई के लिए मांग की है.
नंद किशोर गुर्जर की शिकायत में नेहा सिंह के ख़िलाफ़ एनएसए की कार्रवाई की मांग की गई है.
नेहा सिंह राठौड़ ने पहलगाम हमले को लेकर कहा था, इसका इस्तेमाल राजनीतिक रूप से बिहार चुनाव में किया जाएगा.
इधर अपने गीतों व बयानों से चर्चा में बनी रहने वाली नेहा सिंह राठौर को लेकर सोशल मीडिया में भी उन्हें ट्रोल किया जा रहा है.
कई युजर उन्हें देशद्रोही कह रहे हैं तो दूसरी तरफ उनके समर्थन में पोस्ट लिखने वालों की कमी नहीं है. सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे नेहा सिंह को लेकर दो खेमों में लोग बंट गये हैं.