महिला वन रक्षक की वर्दी फाड़ी और दी जान से मारने की धमकी
पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेंड्रा थाना क्षेत्र के लाटा परिसर में कानून व्यवस्था को धता बताते हुए कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात एक महिला वन रक्षक के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उनकी शासकीय वर्दी भी फाड़ दी. आरोपियों पर सरकारी काम में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है. पीड़िता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ही परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब 10 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे लाटा परिसर में तैनात महिला वन रक्षक गिरिजा कंवर सुरक्षा श्रमिकों को साथ लेकर कक्ष क्रमांक 2350 में नियमित गश्त पर निकली थीं.
इसी दौरान उनकी नजर जंगल के पास रहने वाले इतवारू भैना के घर के आंगन में रखी सागौन की बल्लियों पर पड़ी. जब वन रक्षक लकड़ी के संबंध में पूछताछ करने के लिए घर के भीतर गईं, तो वहां मौजूद लोग भड़क गए और उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी.
देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने महिला वन रक्षक पर हमला कर दिया.
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने महिला कर्मी को जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी शासकीय वर्दी फट गई. इस खींचतान और मारपीट के बीच सुमित्रा नामक महिला आरोपी ने वन रक्षक को यह धमकी भी दे डाली कि अगर वह दोबारा जंगल में कभी अकेली दिखाई दीं, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा.
इस हिंसक घटना के बाद पीड़ित महिला वन रक्षक ने सीधे पेंड्रा थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी इतवारू भैना, उसकी पत्नी सुमित्रा और सास दयावती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 296, 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की वैधानिक जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.