गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

SIR का खौफ: बंगाल में मां-बेटी ने पिया जहर, हालत गंभीर

C

CG Khabar

09 नव. 2025, 07:46 AM 2 मिनट में पढ़ें 11

वोटर लिस्ट
वोटर लिस्ट

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' प्रक्रिया को लेकर डर और चिंता के कारण एक बार फिर आत्महत्या के प्रयास की घटना सामने आई है. हुगली जिले के धनेखाली थाना क्षेत्र के सोमसपुर-2 ग्राम पंचायत के अंतर्गत काननदी इलाके में एक गृहणी ने अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की.


फिलहाल, मां और बेटी दोनों का इलाज कोलकाता के पीजी अस्पताल में चल रहा है. सूत्रों के मुताबिक, दोनों की शारीरिक हालत गंभीर बनी हुई है और वे जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं.

विज्ञापन


स्थानीय और पुलिस सूत्रों के अनुसार, 8 साल पहले हरिपाल में आशा सोरेन की शादी हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवादों के चलते वह पिछले 5-6 साल से अपने मायके में रह रही हैं.


हाल ही में, इलाके में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा एसआईआर के फॉर्म बांटे जा रहे थे. आशा के मायके में परिवार के अन्य सदस्यों को फॉर्म दिए गए, लेकिन 27 वर्षीय आशा को फॉर्म नहीं मिला.


फॉर्म न मिलने और मायके में जरूरी दस्तावेज़ न होने के कारण आशा मानसिक रूप से टूट गईं और उन्हें लगा कि ससुराल से संपर्क टूटने की वजह से उन्हें एसआईआर से संबंधित कोई मदद नहीं मिल पाएगी. इसी गहरे मानसिक अवसाद और एसआईआर के डर में उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया.


घटना की जानकारी मिलते ही, दोनों को पहले धनेखाली ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोलकाता के पीजी अस्पताल रेफर कर दिया गया.


इस बीच, स्थानीय विधायक असीमा पात्रा ने खबर सुनकर आज आशा के परिजनों से मिलने के लिए धनेखाली के सोमसपुर इलाके में उनके घर का दौरा किया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP