फारूक अब्दुल्ला ने पूछा सील सीमाओं के बावजूद हत्याएं कैसे ?
श्रीनगर । डेस्क: दक्षिण कश्मीर में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की आतंकवादियों द्वारा की गई हत्या के बाद जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने सुरक्षा व्यवस्था पर कड़े सवाल खड़े किए हैं. बिजबिहारा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने सरकार के उन दावों को चुनौती दी जिनमें कहा जाता है कि सीमाएं पूरी तरह सील हैं और क्षेत्र में आतंकवाद समाप्त हो चुका है.
फारूक अब्दुल्ला ने मांग की कि इन हत्याओं की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए ताकि यह साफ हो सके कि आखिर ये हमलावर कौन हैं और वे भारतीय सीमा में कैसे दाखिल हो रहे हैं.
हाल ही में दक्षिण कश्मीर में आतंकवादियों ने एक पुलिस अधिकारी और छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो मजदूरों, 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 30 वर्षीय भूपेंद्र, की गोली मारकर हत्या कर दी.
फारूक अब्दुल्ला ने इस घटना के समय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब भी जम्मू-कश्मीर के लिए पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग तेज होती है, ठीक उसी समय ऐसी हिंसक घटनाएं क्यों सामने आने लगती हैं.
वहीं, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी इस हमले को एक गंभीर सुरक्षा चूक करार दिया है. उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जब पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं, तब इस तरह के आतंकवादी हमले का होना बेहद चिंताजनक है और इसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए.