जल संसाधन मंत्री के गृह क्षेत्र में पानी के लिए किसान परेशान
जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप के क्षेत्र में पानी के लिए किसान परेशान
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में किसानों की मुसीबतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. पहले ही इंद्रावती नदी से पानी नहीं छोड़े जाने से सैकड़ों किसान अपनी फसलों को लेकर परेशान हैं.
पिछले एक महीने से आंदोलन कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ भानपुरी में स्थित कोसारटेडा बांध के आसपास रहने वाले किसानों ने भी उनके खेतों में बांध से पानी नहीं छोड़े जाने से नाराज होकर प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोल दिया है.
दरअसल भानपुरी क्षेत्र के लगभग 25 गांवों के सैकड़ों किसान कोसारटेडा बांध के पानी पर ही निर्भर हैं और किसानों ने इस साल 7 हजार 360 हेक्टेयर में मक्का की फसल ली है.
लेकिन अब पानी नहीं होने की वजह से फसल सूखती जा रही है. जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोसारटेडा बांध में केवल 5% ही पानी बचा है.
किसानों का आरोप है कि साल 2024 में बरसात के महीने में कोसारटेडा बांध में 10% अधिक पानी जमा हुआ था, लेकिन चित्रकोट वाटरफॉल पर्यटन स्थल में VIP दौरा को देखते हुए कोसारटेडा का पानी इंद्रावती नदी में छोड़ दिया गया.
जिससे अब किसानों के फसलों की सिंचाई के लिए कोसारटेडा बांध में पानी नहीं है.
किसानों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ के जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप के गृह ग्राम भानपुरी के आसपास लगभग 25 गांवों के सैकड़ों किसानों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुँच कोसारटेडा बांध से उनके खेतों में पानी छोड़ने की गुहार लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है.
इन किसानों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने बताया कि नारायणपुर विधानसभा के भानपुरी क्षेत्र के लगभग 25 गांव के एक हजार से अधिक किसान अपनी फसलों को लेकर काफी चिंतित हैं.
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद सभी किसानों ने अपने खेतों में मक्का की फसल लगाई है.
विभाग के अधिकारियों ने कहा था कि कोसारटेडा बांध में सभी किसानों के लिए पर्याप्त पानी है, क्योंकि साल 2024 में बरसात के मौसम में बांध में 10% अधिक पानी जमा हुआ है.
ऐसे में पानी की कमी नहीं होगी. ऐसे में सभी किसानों ने रवि की फसल में मक्का की खेती की. एक से डेढ़ महीने में मक्का की फसल पूरी तरह से तैयार होने वाली है, लेकिन अब अधिकारियों का कहना है कि कोसारटेडा बांध में पानी नहीं है.
केवल 5% पानी बचा हुआ है. ऐसे में 7 हजार 360 हेक्टेयर में लगाए गए मक्का की फसल तक पानी पहुंचाना संभव नहीं है.
किसानों का कहना है कि पानी नहीं होने की वजह से अब उनकी फसल सूख रही और खराब हो रही हैं. अगर बांध से पानी नहीं छोड़ा गया तो मक्का की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी.
किसानों ने आंदोलन की दी चेतावनी
प्रभावित किसानों का यह भी कहना है कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर मक्का की फसल उगाई है. अगर जल्द से जल्द पानी नहीं छोड़ा जाता है तो उनकी फसल पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी और सभी किसान कर्ज में डूब जाएंगे.
किसानों का यह भी आरोप है कि जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बांध में पर्याप्त पानी होने की बात कही थी. लेकिन उसके बाद चित्रकोट वॉटरफॉल पर्यटन स्थल में इंद्रावती नदी के घटते जल स्तर की वजह से और वीआईपी दौरे को देखते हुए किसानों के हक का पानी कोसारटेडा बांध के माध्यम से इंद्रावती की सहायक नदी नारंगी नदी में छोड़ दिया गया.
जिस वजह से अब उनकी फसलों की सिंचाई के लिए अधिकारी पानी नहीं होने की बात कह रहे हैं. किसानों का कहना है कि अगर जल्द से जल्द बांध से पानी उनके खेतों में नहीं छोड़ा जाता है तो सभी किसान उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे. नेशनल हाईवे- 30 पर चक्का जाम करेंगे.
अधिकारी ने कहा बांध में केवल 5% पानी शेष
जल संसाधन विभाग के सब इंजीनियर सुरेंद्र बरसेल का कहना है कि कोसारटेडा बांध में केवल 5% पानी बचा हुआ है. ऐसे में इतने बड़े क्षेत्र में किसानों की फसलों में पानी पहुंचाना संभव नहीं है.
सब इंजीनियर ने बताया कि 2024 में बरसात के मौसम में बांध में 10% पानी अधिक जमा हुआ था. लेकिन बरसात के मौसम में ही किसानों की फसलों के लिए पानी छोड़ दिया गया था.
सब इंजीनियर ने कोसारटेडा बांध का पानी इंद्रावती नदी में छोड़े जाने की बात से इंकार किया है और किसानों के आरोप को गलत बताया है.
इस मामले में सीजी खबर ने कोसारटेडा बांध के प्रभारी और जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी से बात करना चाहा तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.
कोसारटेडा बांध में भी गहराया जल संकट
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ गठन के बाद भाजपा शासन काल में भानपुरी क्षेत्र में कोसारटेडा बांध का निर्माण किया गया था और इसका मुख्य उद्देश्य आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए उनके खेतों तक पानी पहुंचाना था.
पिछले 14 सालों से किसान कोसारटेडा बांध के पानी पर आश्रित हैं. फसलों की सिंचाई के साथ-साथ इस पानी को पेयजल के रूप में भी ग्रामीण उपयोग करते हैं.
अब इंद्रावती नदी के बाद कोसारटेडा बांध में भी जल संकट गहरा गया है. ऐसे में बस्तर के हजारों किसान पानी के लिए प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं. साथ ही आंदोलन करने के लिए बाध्य हो रहे हैं.