मुर्शिदाबाद में किसान ने की आत्महत्या? फिर उठा SIR पर सवाल
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद ज़िले में एक बार फिर कथित तौर पर SIR के कारण आत्महत्या का मामला सामने आया है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मुर्शिदाबाद के कांदी नगर पालिका क्षेत्र में एक 45 वर्षीय किसान, महूल शेख, ने अपने खेत में कीटनाशक खाकर कथित तौर पर अपनी जान दे दी.
परिवार का दावा है कि किसान ने 2002 की मतदाता सूची में अपना नाम न होने के डर से आत्महत्या की है. SIR घोषणा के बाद ऐसी लगातार हो रही मौतों को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है. महूल को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गौरतलब है कि सत्तारूढ़ दल ने पिछले एक सप्ताह में राज्य में हुई छठी मौत के पीछे भी SIR के डर को ही ज़िम्मेदार ठहराया है.
बता दें कि कि 'NRC-SIR के डर से' पिछले सप्ताह उत्तर 24 परगना के पानीहाटी निवासी प्रदीप कर ने भी कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. उनके 'सुसाइड नोट' में यही बात लिखी होने का दावा किया गया है, जिसने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है.
इसके तुरंत बाद, कूचबिहार में भी एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या का प्रयास किया था. उनके परिवार ने दावा किया कि 2002 की मतदाता सूची में नाम की वर्तनी (स्पेलिंग) गलत होने के कारण वह घबराए हुए थे.
इसके अलावा, बीरभूम के इलामबाजार में भी एक वृद्ध ने भी कथित तौर पर SIR के डर से आत्महत्या कर ली थी.