नकली और घटिया दवा मानवाधिकार का हनन है- NHRC
नई दिल्ली । डेस्क: देश में नकली और घटिया दवाओं के बढ़ते कारोबार पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सख्त रुख अपनाते हुए इसे जीवन के अधिकार का गंभीर उल्लंघन करार दिया है. 'भारत में नकली दवाओं को रोकने के उपाय' विषय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण चर्चा के दौरान आयोग के सदस्य न्यायमूर्ति बिद्युत रंजन सारंगी ने चेतावनी दी कि भारत जैसे विशाल देश में नियामक तंत्र की एक छोटी सी चूक भी बड़े पैमाने पर मानवीय त्रासदी का कारण बन सकती है.
उन्होंने इस खतरे से निपटने के लिए सभी क्षेत्रों के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया.
चर्चा के दौरान आयोग की सदस्य विजया भारती सयानी ने एक भावुक निजी अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे घटिया दवाओं के कारण उनके परिवार के एक सदस्य को अपनी आंखों की रोशनी गंवानी पड़ी.
उन्होंने दवा उद्योग में निगरानी और जवाबदेही तय करने के लिए सख्त तंत्र बनाने की मांग की.
वहीं, पूर्व सदस्य राजीव जैन ने इस संकट के समाधान के लिए विशेष ड्रग कोर्ट के गठन, रियल-टाइम टेस्टिंग, अनिवार्य क्यूआर कोड और ट्रैक-एंड-ट्रेस सिस्टम लागू करने का सुझाव दिया ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके.
आयोग के महासचिव भरत लाल ने स्पष्ट किया कि लोग सरकार पर भरोसा करके दवाओं का सेवन करते हैं, और इस भरोसे का टूटना सीधे तौर पर मानवाधिकारों का हनन है.