वैश्विक खाद्य और ऊर्जा संकट पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर की चेतावनी
न्यूयॉर्क । डेस्क: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दुनिया भर में जारी क्षेत्रीय संघर्षों और जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न हो रहे गंभीर वैश्विक संकट पर गहरी चिंता जताई है. एशिया सोसाइटी में आयोजित एक विशेष संवाद में बोलते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यूक्रेन और ईरान-खाड़ी संघर्षों के कारण आने वाले महीनों में दुनिया को एक बड़े खाद्य संकट का सामना करना पड़ सकता है.
जयशंकर के अनुसार, ब्लैक सी क्षेत्र से प्रमुख अनाज निर्यातकों की आपूर्ति बाधित होने और पश्चिम एशिया तथा रूस से उर्वरक उत्पादन प्रभावित होने के कारण यह स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है. सुपर अल नीनो जैसे जलवायु पैटर्न ने इस समस्या को और अधिक विकराल बना दिया है.
खाद्य संकट के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा पर बात करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि तेल बाजार में पहले से ही दबाव है और इस पर राजनीति किए जाने से कीमतें और अधिक बढ़ रही हैं.
सुरक्षा और राजनीति के इस मेल से एक दोहरा संकट पैदा हो रहा है.
उन्होंने जोर देकर कहा कि इस वैश्विक उथल-पुथल का सबसे बुरा प्रभाव 'ग्लोबल साउथ' (विकासशील और उभरते देशों) की अर्थव्यवस्थाओं पर पड़ रहा है, जहां ऊर्जा, भोजन और उर्वरकों की कमी के साथ-साथ वित्तीय पूंजी का पलायन भी हो रहा है.
उन्होंने दुनिया के बड़े और विकसित देशों से अपील की कि वे अपने फैसलों में इतने आत्म केंद्रित न बनें कि अन्य देशों की बुनियादी जरूरतें अनदेखी हो जाएं. उन्होंने कहा कि व्यावहारिक समझ का तकाजा यही है कि संकट के समय विकासशील देशों को राजनीतिक और आर्थिक अस्थिरता की ओर न धकेला जाए.