सरकारी कर्मचारियों को शेयर-म्युचुअल फंड में निवेश की छूट
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के शासकीय सेवकों के लिए वित्तीय निवेश को लेकर एक अहम फैसला लिया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 में संशोधन करते हुए एक नई अधिसूचना जारी की है.
इस संशोधन के तहत अब राज्य के सरकारी कर्मचारी शेयर, प्रतिभूतियों, डिबेंचर्स और म्युचुअल फंड्स में निवेश कर सकेंगे. यह बदलाव भारत सरकार के सेवा नियमों के अनुरूप किया गया है.
हालांकि, अधिसूचना में यह स्पष्ट प्रावधान किया गया है कि इंट्रा-डे ट्रेडिंग, बीटीएसटी, फ्यूचर एंड ऑप्शंस तथा क्रिप्टोकरेंसी जैसी निवेश गतिविधियों पर रोक लागू रहेगी.
संशोधन नियम 19 में एक नया उप-खण्ड जोड़ा गया है, जिसका उद्देश्य शासकीय सेवकों के वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता को सुनिश्चित करना है. यह पहल कर्मचारियों को कानूनी दायरे में रहते हुए दीर्घकालिक निवेश करने का अवसर प्रदान करेगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिरता और वित्तीय समझ में वृद्धि होगी.
हालांकि, सरकार ने निवेश की स्वतंत्रता के साथ-साथ कुछ सख्त सीमाएं भी तय की हैं.
अधिसूचना में यह स्पष्ट किया गया है कि इंट्रा-डे ट्रेडिंग, बीटीएसटी, फ्यूचर एंड ऑप्शंस जैसी हाई रिस्क निवेश गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
इसके अतिरिक्त, क्रिप्टोकरेंसी जैसे अस्थिर और अनियमित डिजिटल संपत्तियों में निवेश पर भी रोक जारी रहेगी. सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय वित्तीय व्यवहार में अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
इससे शासकीय सेवकों को सुरक्षित और वैध निवेश साधनों की ओर प्रोत्साहन मिलेगा और वे अनावश्यक जोखिमों से बच सकेंगे. इस संशोधन से राज्य के हजारों कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जो अब तक निवेश के आधुनिक साधनों से वंचित थे.
वहीं यह भी सुनिश्चित किया गया है कि निवेश के दौरान आचार संहिता का पालन और सरकारी कार्यों में निष्पक्षता बनी रहे.