आम बोलचाल की तकरार क्रूरता नहीं: HC ने रद्द किया तलाक का फैसला
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की एक डिवीजन पीठ ने पारिवारिक अदालत (फैमिली कोर्ट) द्वारा मंजूर की गई तलाक की डिग्री को खारिज कर दिया है. उच्च न्यायालय ने महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन में होने वाले सामान्य मतभेद या आम नोक-झोंक को मानसिक क्रूरता नहीं माना जा सकता.
जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि पत्नी ने शादी को बचाने और साथ रहने के निरंतर प्रयास किए, जबकि पति की ओर से रिश्ता बनाए रखने की कोई कोशिश नहीं दिखी.
यह मामला बिलासपुर निवासी एक निजी संस्थान के कर्मचारी और दुर्ग निवासी सरकारी कर्मचारी पत्नी का है. दोनों के बीच विवाद के बाद पति ने यह आरोप लगाते हुए तलाक की याचिका लगाई थी कि पत्नी उसे 'सांवले रंग' और 'प्राइवेट नौकरी' को लेकर ताने मारती है.
फैमिली कोर्ट ने इन तर्कों को स्वीकार करते हुए क्रूरता के आधार पर तलाक मंजूर कर दिया था. इसके खिलाफ पत्नी ने हाईकोर्ट में अपील की थी.
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि चूंकि दंपति विवाह से पहले एक-दूसरे को जानते थे, इसलिए रंग या नौकरी को लेकर नापसंदगी की बात में सच्चाई नहीं दिखती.
अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक "समर घोष बनाम जया घोष" मामले का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि तलाक के लिए ऐसी परिस्थितियां होना जरूरी है जहां साथ रहना पूरी तरह असंभव हो जाए, जो इस मामले में साबित नहीं होता. अदालत ने तलाक का आदेश निरस्त करते हुए दंपति को साथ रहने (दाम्पत्य अधिकारों की पुनर्स्थापना) के निर्देश दिए हैं.