ESIC स्टाफ भर्ती: चयनित उम्मीदवार के पद न संभालने पर वेटिंग लिस्ट वाले को मिले मौका- HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की स्टाफ नर्स भर्ती प्रक्रिया से जुड़े एक अहम विवाद में याचिकाकर्ता के पक्ष में बड़ा फैसला सुनाया है. न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू और न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत की युगल पीठ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि चयन सूची में शामिल कोई अभ्यर्थी जॉइनिंग नहीं करता है, तो मेधा सूची में उसके ठीक नीचे मौजूद योग्य उम्मीदवार को अवसर न देना पूरी तरह अनुचित है.
उच्च न्यायालय ने इस मामले में केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) के पुराने आदेश को निरस्त करते हुए ईएसआईसी को आदेश दिया है कि वह याचिकाकर्ता की दावेदारी पर नियमानुसार दो महीने के भीतर नए सिरे से विचार कर उचित निर्णय ले.
यह पूरा मामला वर्ष 2019 में जारी हुए एक भर्ती विज्ञापन से जुड़ा है, जिसके तहत कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स के पदों पर सीधी भर्ती निकाली थी. कुल 17 विज्ञापित पदों में से अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) वर्ग के लिए एक पद आरक्षित था.
धमतरी की निवासी दीप्ति साहू ने इस सीट के लिए आवेदन किया और पूरी प्रक्रिया में भाग लिया. जब अंतिम मेधा सूची जारी हुई, तब ओबीसी श्रेणी में राखी पाल 66.03 अंक लाकर प्रथम स्थान पर रहीं और उनका चयन हो गया, जबकि दीप्ति साहू 63.26 अंकों के साथ मेरिट में 18वें स्थान (आरक्षित वर्ग की सूची में अगले क्रम) पर रहीं.
हालांकि, 24 जुलाई 2019 को चयनित अभ्यर्थी राखी पाल ने लिखित सूचना देकर नौकरी में कार्यभार संभालने से इनकार कर दिया. इसके बाद दीप्ति साहू ने उस रिक्त पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की, परंतु निगम प्रशासन ने उनकी अर्जी पर कोई ध्यान नहीं दिया.
निगम की इस बेरुखी के खिलाफ दीप्ति साहू ने पहले कैट का रुख किया था, लेकिन वहां से राहत न मिलने पर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की.
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि 21 जून 2019 को जारी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों में स्पष्ट प्रावधान था कि मुख्य चयन सूची के साथ 25 प्रतिशत क्षमता की एक आरक्षित सूची भी तैयार की जाएगी, ताकि चयनित उम्मीदवार द्वारा पद न संभालने पर अगले अभ्यर्थी को अवसर दिया जा सके.
उच्च न्यायालय ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि भले ही मूल भर्ती नियमों में अलग से प्रतीक्षा सूची का जिक्र न हो, लेकिन सक्षम अधिकारियों द्वारा जारी प्रशासनिक निर्देशों का पालन करना अनिवार्य था. अधिकारियों ने इन दिशा-निर्देशों की अनदेखी की, जिससे एक पात्र अभ्यर्थी अपने न्यायसंगत अधिकार से वंचित रह गई.