एपस्टीन फाइल्स: हरदीप पुरी के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस, 62 ईमेल का दिया हवाला
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार, 17 फरवरी 2026 को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर 'एपस्टीन फाइल्स' से जुड़े विवाद में "झूठ बोलने" का गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग को फिर से दोहराया है. कांग्रेस ने मंत्री से उन "62 ईमेल संवादों" और 14 मुलाकातों का ब्यौरा सार्वजनिक करने को कहा है, जो कथित तौर पर उनके और सजायाफ्ता अमेरिकी अपराधी जेफरी एपस्टीन के बीच 2014 से 2017 के दौरान हुए थे.
कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि केवल साल 2014 में ही दोनों के बीच नौ बैठकें हुई थीं. उन्होंने विशेष रूप से जून, सितंबर और अक्टूबर 2014 की तारीखों का जिक्र करते हुए पूछा कि आखिर उन बैठकों में क्या चर्चा हुई थी?
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि रिकॉर्ड के अनुसार हरदीप पुरी ने 32 ईमेल भेजे थे जबकि एपस्टीन की ओर से 30 ईमेल आए थे.
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के ठीक बाद, हरदीप पुरी किस आधिकारिक हैसियत से एपस्टीन से मिल रहे थे और एक निजी नागरिक होने के बावजूद उन्होंने सरकारी नीतियों को उसके साथ क्यों साझा किया?
हालांकि, मंत्री हरदीप पुरी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने स्वीकार किया है कि वह एपस्टीन से कुछ मौकों पर मिले थे, लेकिन वे सभी मुलाकातें "पेशेवर" प्रकृति की थीं.
कांग्रेस का तर्क है कि मंत्री एक के बाद एक झूठ बोल रहे हैं, इसलिए उन्हें पद पर रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. इसके साथ ही, कांग्रेस ने दिल्ली में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में बिल गेट्स की भागीदारी को लेकर भी सरकार को घेरा और सरकारी सूत्रों के दावों में विरोधाभास होने का आरोप लगाया.