MLA देवेंद्र यादव को EOW का समन, 5 अक्टूबर को विशेष अदालत में पेशी का निर्देश
भिलाई । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित करीब 540 करोड़ रुपये के कथित कोयला परिवहन घोटाले में प्रवर्तन और जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है. आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने मामले में जांच पूरी करते हुए चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी शुरू कर दी है.
इसी सिलसिले में एजेंसी ने भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को नया समन जारी कर आगामी 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे रायपुर स्थित विशेष अदालत में हाजिर होने का निर्देश दिया है.
इस समन से ठीक पहले, सितंबर के अंतिम सप्ताह में EOW की टीम ने विधायक देवेंद्र यादव से रायपुर कार्यालय में लगभग दो घंटे तक गहन पूछताछ की थी.
जांच अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले के मुख्य सूत्रधार माने जा रहे सूर्यकांत तिवारी के ठिकानों से बरामद डायरियों और वित्तीय दस्तावेजों में कथित लेनदेन के ब्योरे दर्ज मिले हैं, जिनमें भिलाई विधायक का नाम भी शामिल है.
हालांकि, विधायक देवेंद्र यादव ने खुद पर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह सिरे से खारिज करते हुए इसे बेबुनियाद करार दिया है.
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे फर्जीवाड़े की नींव 15 जुलाई 2020 को उस समय रखी गई, जब कोयला परिवहन के लिए प्रयुक्त होने वाले ऑनलाइन परमिट सिस्टम को बदलकर मैन्युअल अनुमति व्यवस्था लागू की गई थी.
आरोप है कि इस प्रशासनिक बदलाव की आड़ में रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर जैसे प्रमुख कोयला उत्पादक जिलों में एक संगठित सिंडिकेट बनाया गया, जिसने जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों से 25 रुपये प्रति टन के हिसाब से लगभग 540 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की. EOW अब इन्हीं दस्तावेजों और कड़ियों के आधार पर अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखने जा रही है.