पेपर लीक रोकने, पूरी व्यवस्था बदलनी होगी- भूपेश बघेल
भिलाई । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती महंगाई और युवाओं के भविष्य से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर राज्य की मौजूदा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. भिलाई प्रवास के दौरान बघेल ने साफ शब्दों में कहा कि पेपर लीक जैसी गंभीर धांधलियों को रोकने के लिए सिर्फ नए और सख्त कानून बना देना काफी नहीं है, बल्कि पूरी प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की सख्त जरूरत है. जब तक हर स्तर पर जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाना मुमकिन नहीं है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'गूंज' कार्यक्रम का खुला समर्थन करते हुए छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर गहरी चिंता जताई. हाल ही में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की परीक्षा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जब जांच में 70 प्रतिशत सवाल लीक पर्चे से मिले और परीक्षा रद्द करनी पड़ी, तो इससे उन हजारों युवाओं की महीनों की मेहनत, वक्त और पैसा एक झटके में बर्बाद हो गया जो निष्ठा से तैयारी में जुटे थे.
बघेल ने आरोप लगाया कि राज्य के दुर्ग, राजनांदगांव, खैरागढ़, कवर्धा और सक्ती जैसे कई जिलों में आज स्कूली बच्चे अपने हक के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं. बुनियादी सुविधाओं, जर्जर इमारतों और शिक्षकों की भारी किल्लत के खिलाफ छात्र आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने पूछा कि जिस स्कूल में शिक्षक और छत तक नसीब न हो, वहां बच्चों के भविष्य की नींव कैसे मजबूत होगी?
पिछली सरकार के कामकाज का ब्योरा देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में स्कूलों के जीर्णोद्धार और मरम्मत के लिए 1800 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे, जिसमें से करीब 1191 करोड़ रुपये जारी भी हो चुके थे. लेकिन सत्ता बदलते ही चल रहे विकास और सुधार कार्यों को रोक दिया गया.
इसके अलावा, जहां पिछली सरकार ने 30 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया था, वहीं वर्तमान में नई भर्तियों को लेकर युवाओं के हाथ सिर्फ निराशा लग रही है.
शिक्षा और रोजगार के साथ-साथ भूपेश बघेल ने आम जनता की जेब पर पड़ रही महंगाई की मार को लेकर भी सरकार को घेरा. पेट्रोल-डीजल, बिजली, शक्कर, प्याज और खाद्य तेलों के आसमान छूते दामों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की चीजें इतनी महंगी हो चुकी हैं कि आम परिवार के लिए घर चलाना दूभर हो गया है. जनता इस आर्थिक बोझ से त्रस्त है और सरकार को इस बदहाली का जवाब देना ही होगा.