इंजीनियरिंग डिग्री का मतलब ऊंची कमाई नहीं, HC ने पति की गुजारा भत्ता राशि घटाई
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पारिवारिक विवाद से जुड़े एक गुजारा भत्ता मामले में महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा है कि केवल इंजीनियरिंग की डिग्री होने का यह अर्थ नहीं निकाला जा सकता कि व्यक्ति की आय भी अधिक होगी. चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की पीठ ने पति की वास्तविक कमाई को आधार मानते हुए फैमिली कोर्ट द्वारा तय की गई ₹9,000 प्रति माह की गुजारा भत्ता राशि को घटाकर ₹5,000 प्रति माह कर दिया है.
मामले की सुनवाई के दौरान बिलासपुर निवासी पति विवेक मोदी की ओर से पक्ष रखा गया कि वह किसी नियमित नौकरी में नहीं है और ज़ोमैटो तथा रैपिडो जैसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर डिलीवरी बॉय के रूप में काम करके हर महीने लगभग ₹10,000 से ₹15,000 ही कमा पाता है.
अपनी वित्तीय स्थिति के प्रमाण के तौर पर उसने अदालत के समक्ष ज़ोमैटो का पहचान पत्र और ई-श्रम कार्ड प्रस्तुत किया. इसके अलावा, उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसके नाम पर पंजीकृत वाहन उसके पिता की सेवानिवृत्ति के पैसों से खरीदा गया था, इसलिए उसे नियमित आय का जरिया नहीं माना जा सकता.
मामले के अनुसार, विवेक मोदी और स्वाति का विवाह 28 नवंबर 2023 को हुआ था. पत्नी ने दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाते हुए अलग रहना शुरू किया था और ₹30,000 प्रति माह गुजारा भत्ते की मांग करते हुए याचिका लगाई थी.
इस पर फैमिली कोर्ट ने 24 सितंबर 2025 को पति को ₹9,000 प्रति माह देने का आदेश दिया था. वहीं दूसरी ओर, पति ने क्रूरता और दहेज के आरोपों को खारिज करते हुए अदालत को बताया कि पत्नी अपनी इच्छा से ससुराल छोड़कर गई थी.
हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों और उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद माना कि गुजारा भत्ते का निर्धारण पति की वास्तविक कमाई और क्षमता के आधार पर ही होना चाहिए. अदालत ने पाया कि आवेदक पहले ही ₹54,000 की बकाया राशि जमा कर चुका है, जिसके बाद उसके खिलाफ जारी अरेस्ट वारंट को रद्द कर दिया गया.
हाईकोर्ट ने अंतरिम व्यवस्था के तहत तय की गई ₹5,000 प्रति माह की राशि को ही अंतिम आदेश तक नियमित रूप से देने का निर्देश दिया है.