नारायणपुर में मुठभेड़, दो माओवादियों की मौत
नारायणपुर मुठभेड़ में दो माओवादियों की मौत
नारायणपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में दो महिला माओवादियों को मारने का दावा किया है. मारे गए माओवादियों के शव के साथ 315 बोर राइफल और एक इंसास राइफल बरामद किए हैं.
मुठभेड़ बुधवार शाम से जारी है, जिसकी सूचना पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को दी. पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ अबूझमाड़ क्षेत्र के कोहकामेटा थाना क्षेत्र में हुई है.
पुलिस को सूचना मिली थी कि अबूझमाड़ के कोहकमेटा इलाके में माड़ डिवीजन के बड़े माओवादियों की मौजूदगी है. इसी सूचना पर नारायणपुर से डीआरजी और कोंडागांव से एसटीएफ के जवानों को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था.
बताया जा रहा है कि बुधवार की रात को ही सुरक्षा बलों ने माओवादियों को घेर लिया था. इसके बाद रात में ही माओवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी फायरिंग की. रात भर दोनों ओर से रूक-रूक को फायरिंग होती रही.
गुरुवार की सुबह जवानों से घटना स्थल पर सर्च ऑपरेशन चलाया तो 2 महिला माओवादियों के शव बरामद किए गए. आज भी मुठभेड़ जारी है. अभी भी दोनों ओर से गोलीबारी हो रही है.