सुकमा में मुठभेड़ जारी, माओवादियों ने किया आईईडी ब्लास्ट
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मंगलवार सुबह से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है. दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है.
इस मुठभेड़ में अभी तक एक माओवादी के मारे जाने की खबर है. वहीं आईईडी की चपेट में आने से दो जवान घायल हुए हैं. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दरअसल, माओवादी 28 जुलाई से शहीदी सप्ताह मना रहे हैं, जो 3 अगस्त तक चलेगा.
आमतौर पर माओवादी शहीदी सप्ताह के दौरान कुछ बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में रहते हैं. साथ ही जनसभाएं कर ग्रामीणों को प्रभावित करने की कोशिश भी करते हैं.
इसी के चलते बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जवान अलर्ट हैं. सभी जिलों में भारी बारिश के बीच जवानों ने सर्चिंग तेज कर दी है.
सुकमा जिले में डीआरजी, सीआरपीएफ और एसटीएफ के जवान सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. इसी दौरान आज मंगलवार को जवानों का सामना माओवादियों से हो गया.
घात लगाकर बैठे माओवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी. जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई करते हुए माओवादियों पर गोलीबारी शुरू की.
सूचना मिल रही है कि इसी दौरान माओवादियों ने आईईडी ब्लास्ट किया. आईईडी की चपेट में आने से दो जवान घायल हो गए हैं.
वहीं मुठभेड़ में एक माओवादी को मारने का दावा जवानों ने की है. सुकमा एसपी किरण चव्हाण और सीआरपीएफ डीआईजी आनन्द सिंह राजपुरोहित मुठभेड़ पर नजर बनाए हुए हैं.
इससे पहले सुरक्षा बलों ने 26 जुलाई को बीजापुर जिले के बासागुड़ा इलाके में 4 इनामी माओवादियों को मार गिराया था.
इनमें 2 महिला और 2 पुरुष माओवादी शामिल हैं. इनमें तीन माओवादियों पर पांच-पांच लाख और एक पर 2 लाख का इनाम घोषित था.
घटनास्थल से माआवादियों के शव के साथ पुलिस ने एक एसएलआर, एक इंसास, 3 राइफल, बीजीएल लांचर, सिंगल शॉट सहित भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया था.