EMRS राष्ट्रीय खेल: छत्तीसगढ़ ने देश में दूसरा स्थान हासिल किया
सुंदरगढ़ । डेस्क: छत्तीसगढ़ के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों (EMRS) के विद्यार्थियों ने ओडिशा के सुंदरगढ़ में 11 से 15 नवंबर 2025 तक आयोजित चौथी राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 7,000 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के 75 EMRS के 466 प्रतिभागियों सहित कुल 516 सदस्यीय दल ने हिस्सा लिया.
प्रदेश के युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कुल 162 पदक हासिल किए, जिसमें 55 स्वर्ण, 43 रजत और 64 कांस्य पदक शामिल हैं, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का परचम ऊँचा हुआ. विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट सफलता अर्जित की, जिनमें स्वीमिंग (10 स्वर्ण), कुश्ती और एथलेटिक्स (प्रत्येक में 07 स्वर्ण), ताईक्वांडो और तीरंदाजी (प्रत्येक में 05 स्वर्ण), तथा जूडो और बैडमिंटन (प्रत्येक में 04 स्वर्ण) प्रमुख हैं.
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य में जनजातीय शिक्षा, खेल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण और युवा खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन देने की दिशा में सरकार के प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य के युवा खिलाड़ियों की अथक मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कौशल का प्रतीक है. मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया.
राज्य सरकार जनजातीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार, उन्नत प्रशिक्षण, कोचिंग और आवासीय विद्यालयों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है.
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी एवं केन्द्रीय मंत्री जुएल ओराम द्वारा छत्तीसगढ़ की प्रतिभागी टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई. आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर ने भी इस उपलब्धि पर टीम को बधाई दी है. यह उपलब्धि प्रदेश के EMRS विद्यार्थियों की प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष प्रमाण है.