फिक्सिंग के आरोपी एलिये वाही विश्व कप खेल रहे, FIFA मौन
नई दिल्ली । डेस्क: फुटबॉल विश्व कप के बीच एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आइवरी कोस्ट के २३ वर्षीय स्टार फुटबॉलर एलिये वाही को विश्व कप शुरू होने से करीब दो हफ्ते पहले मैच फिक्सिंग के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया, जिसके बाद वे विश्व कप में अपनी देश की टीम की ओर से खेलने पहुंच गए और एक मैच भी खेल चुके हैं.
इतने गंभीर और संवेदनशील आरोपों के बावजूद उन्हें विश्व कप जैसे बड़े मंच पर खेलने की अनुमति मिलने से फुटबॉल जगत में नए विवाद को जन्म दे दिया है.
'द एथलेटिक' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांसीसी क्लब 'नीस' के लिए खेलने वाले वाही के खिलाफ इस समय फ्रांस पुलिस की जांच चल रही है. उन पर आरोप है कि 17 जून को मेट्ज के खिलाफ खेले गए एक मुकाबले में उन्होंने जानबूझकर येलो कार्ड (पीला कार्ड) लिया था. मैच के 35वें मिनट में उन्होंने मेट्ज के डिफेंडर सादिबू साने को जानबूझकर टैकल किया, जिसके बाद उन्हें अंपायर ने पीला कार्ड दिखाया.
इस घटना से ठीक चार मिनट पहले भी उन्हें एक फाउल के लिए चेतावनी दी गई थी. फ्रांसीसी लीग का संचालन करने वाली संस्था को इस मैच में कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आई थीं, जिसके बाद मामले की शिकायत दर्ज कराई गई.
इस संदिग्ध येलो कार्ड के कारण वाही 'सेंत एतिएन' के खिलाफ होने वाले रेलिगेशन प्ले-ऑफ मैच से बाहर हो गए थे. हालांकि, बाद के एक मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दो गोल दागे और नीस को 4-1 से जीत दिलाई. इसी मैच के ठीक बाद 19 मई को पुलिस ने उन्हें धोखाधड़ी, संगठित मैच फिक्सिंग और वित्तीय धोखाधड़ी के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया था.
पूछताछ के बाद वाही को अस्थायी रूप से रिहा कर दिया गया. जेल से छूटते ही वह सीधे अमेरिका पहुंचे और आइवरी कोस्ट की राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनकर इक्वाडोर के खिलाफ विश्व कप मैच में उतर गए. इस मैच के दूसरी हाफ में उनका एक शॉट गोल पोस्ट के बार से भी टकराया था. अब आइवरी कोस्ट का अगला मुकाबला शनिवार को टोरंटो में जर्मनी के खिलाफ होना है.
फिलहाल वाही के खिलाफ जांच जारी है और अभी तक उन पर औपचारिक रूप से दोष सिद्ध नहीं हुआ है. लेकिन खेल की शुचिता को लेकर अब हर तरफ सवाल उठ रहे हैं कि इतने संगीन आरोपों से घिरे खिलाड़ी को विश्व कप में खेलने की हरी झंडी कैसे मिल गई.
इस पूरे विवाद पर जब दुनिया की सर्वोच्च फुटबॉल संस्था 'फीफा' (FIFA) से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने इस विषय पर पूरी तरह चुप्पी साध ली है, जिससे विवाद और गहरा गया है.