एलोन मस्क ने रिपब्लिकन पार्टी को दिया 276 मिलियन डॉलर का चंदा
वाशिंगटन । डेस्क: स्पेसएक्स और टेस्ला के प्रमुख एलोन मस्क एक बार फिर अमेरिका की राजनीति में सबसे बड़े डोनर बनकर उभरे हैं. 3 नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि (मिडटर्म) चुनावों के लिए मस्क ने गर्मियों से लेकर अब तक रिपब्लिकन पार्टी को 276 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 2,300 करोड़ रुपये) से अधिक का चंदा दिया है. इस भारी वित्तीय मदद ने उन प्रमुख राज्यों में रिपब्लिकन पार्टी के प्रचार अभियान को नई ताकत दी है, जहां डेमोक्रेटिक पार्टी से उनकी कड़ी टक्कर चल रही है.
द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025-26 के चुनावी चक्र के दौरान मस्क रिपब्लिकन पार्टी को कुल 366 मिलियन डॉलर दे चुके हैं. यह राशि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप के अभियान के लिए दिए गए 290 मिलियन डॉलर से भी काफी अधिक है.
मस्क ने रिपब्लिकन के 'सीनेट लीडरशिप फंड' में अकेले 158 मिलियन डॉलर दान किए हैं, जो अमेरिकी राजनीतिक इतिहास में किसी एक व्यक्ति द्वारा दिया गया अब तक का सबसे बड़ा राजनीतिक दान माना जा रहा है. यह राशि गर्मियों के दौरान डेमोक्रेटिक पार्टी द्वारा जुटाए गए कुल चंदे से भी ज्यादा है.
इसके अलावा, मस्क ने अमेरिका पीएसी (America PAC) को 76 मिलियन डॉलर दिए हैं, जो तीन दर्जन से अधिक सीनेट सीटों पर रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार में जुटा है.
मस्क ने हाउस रिपब्लिकन के मुख्य सुपर पीएसी 'कांग्रेशनल लीडरशिप फंड' को 20 मिलियन डॉलर, टेक्सस में सीनेट उम्मीदवार के समर्थन वाले 'लोन स्टार लिबर्टी पीएसी' को 10 मिलियन डॉलर, रिपब्लिकन गवर्नर्स एसोसिएशन को 10 मिलियन डॉलर और रिपब्लिकन अटॉर्नी जनरल एसोसिएशन को 2 मिलियन डॉलर का योगदान दिया है.
अमेरिका पीएसी के प्रवक्ता एंड्रयू रोमियो के अनुसार, मस्क के इस अभूतपूर्व वित्तीय सहयोग से रिपब्लिकन पार्टी को अपना संदेश जन-जन तक पहुंचाने और इतिहास रचने का मजबूत मौका मिला है.
उल्लेखनीय है कि डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले वर्ष जनवरी में मस्क को सरकारी खर्च कम करने के लिए बनाए गए 'डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी' (DOGE) का प्रमुख नियुक्त किया था, हालांकि कुछ महीनों बाद दोनों के बीच मतभेद की खबरें आई थीं.
लेकिन बाद में दोनों के संबंधों में फिर सुधार हुआ और ट्रंप ने मस्क को प्रतिष्ठित 'नेशनल मेडल ऑफ साइंस' से सम्मानित करते हुए उन्हें "आधुनिक युग का एडिसन" करार दिया था. विशाल व्यावसायिक साम्राज्य का संचालन करने वाले मस्क का व्हाइट हाउस और अमेरिकी शासन व्यवस्था में गहरा असर देखा जा रहा है.