रायगढ़ में हाथियों ने 16 किसानों की फसलें तबाह की
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के वनांचल इलाकों में हाथियों के मूवमेंट से ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है. सूरज ढलते ही हाथियों के दल खेतों का रुख कर रहे हैं, जिससे बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंच रहा है.
रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों में हाथियों ने अब तक 16 किसानों की खड़ी धान की फसलों को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया है.
प्रभावित क्षेत्रों में तमनार रेंज का सामारूमा, घरघोड़ा का कमतरा, धरमजयगढ़ का नलकालो, प्रेमनगर, मेढरमार, लैलूंगा और गमेकेला शामिल हैं. इन इलाकों के किसान विजय राय, चैतराम, प्रशांत भगत, कुसुम और श्रवण कुमार समेत अन्य पीड़ित ग्रामीणों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है.
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है ताकि आगे की मुआवजा प्रक्रिया पूरी की जा सके.
वर्तमान में जिले के दोनों वन मंडलों में कुल 130 हाथियों का जमावड़ा है, जिनमें 39 नर, 62 मादा और 29 शावक शामिल हैं. इतनी बड़ी संख्या में हाथियों की उपस्थिति के कारण वनांचल गांवों में दहशत का माहौल व्याप्त है.
हालांकि, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए हाथी मित्र दल और ट्रेकर्स की टीम 24 घंटे हाथियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है. वन विभाग द्वारा प्रभावित गांवों में लगातार मुनादी कराई जा रही है और ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी जा रही है.
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे शाम और रात के समय अकेले जंगल की ओर जाने से बचें, ताकि मानव-हाथी द्वंद्व की स्थिति निर्मित न हो और किसी भी संभावित जनहानि को रोका जा सके.