हाथियों ने एक ही रात में ढहाए सात मकान
अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में हाथियों का उत्पात कम नहीं हो रहा है. बतौली क्षेत्र में 6 सदस्यीय हाथियों का एक नया दल पहुंचा है.
हाथियों के इस दल ने टीरंग गांव में बीती रात 7 घरों को ढहा दिया. आधी रात को गांव में हाथियों के पहुंचने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई. ग्रामीण जान बचाने के लिए बरसते पानी में यहां-वहां भागते रहे. क्षेत्र में हाथियों के लगातार विचरण करने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
बताया गया कि जशपुर जिले से सरगुजा सीमा में घुसा छह हाथियों का दल बतौली के सलयाडीह और टीरंग इलाके में डेरा जमाए हुए हैं. हाथियों ने बीती रात को चवरपानी टीरंग में 7 ग्रामीणों के घरों को तोड़ दिया. हाथी घरों को तोड़ने के साथ घरों में रखा अनाज भी खा गए.
ग्रामीण देवा उरांव, फूलसाय, बहादुर उरांव, राजेश्वर, संदीप, झरन कंवर और बालेश्वर कंवर के घर टूटने से उनके पास रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है. बताया गया कि टीरंग में घरों को ढहाने के बाद पांच हाथी वहां से धौरपुर क्षेत्र में चले गए हैं. एक हाथी अब भी टीरंग में रुका है.
जिसके चलते ग्रामीणों में हाथियों के हमले का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग द्वारा हाथी प्रभावित इलाकों में बचाव और सुरक्षा के लिए कोई संसाधन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है.
गांव में हाथियों के आने से ग्रामीण अंधेरे में जान बचाने के लिए भटकते रहते हैं. बारिश में घरों को ढहाए जाने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों ने कहा कि हाथियों के आने पर उनके पास बचने के लिए संसाधन नहीं है.
इधर घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के द्वारा हाथियों की निगरानी की जा रही है. वन विभाग ने धौरपुर और बतौली के हाथी विचरण क्षेत्रों में मुनादी कराई है. साथ ही जंगलों में लोगों को नहीं जाने की अपील की है. इन दिनों ग्रामीण पुटू और खुखड़ी चुनने के लिए जंगलों में ज्यादा जाते हैं.
सलेहाडीह बिट प्रभारी पालेश्वर राम ने बताया कि शहरी सीमा से लगे गांवों में जगंली हाथी उत्पात मचा रहे हैं. हाथी लगातार कच्चे घरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. घर में रखे अनाज को भी चट कर जा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि हाथियों का यह दल पिछले एक सप्ताह से कल्याणपुर से लगे जिले से लगे सरहदी इलाकों में विचरण कर रहा है. आमतौर पर हाथियों का रूख जिस तरफ होता है उस ओर की बस्ती में मुनादी करा, ग्रामीणों को सतर्क किया जाता है.