रायगढ़ में हाथी ने बुजुर्ग को मार डाला
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक हाथी ने 75 वर्षीय बुजुर्ग को कुचलकर मार डाला. बुजुर्ग ग्रामीण अपने घर के परछी में सो रहा था.अचानक रात में जंगल हाथी वहां पहुंच गया और बुजुर्ग पर हमला कर दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
वन विभाग के मुताबिक घटना धर्मजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा रेंज की है. बाकारूमा निवासी दौलतराम राठिया नया मकान बना रहा है.
पुराना मकान टूट जाने की वजह से निर्माणाधीन मकान के बाहर परछी में सो रहा था. उसके बगल में खाट पर उसकी पत्नी भी सो रही थी.
आज तड़के करीब 3 बजे जंगल से एक हाथी गांव पहुंच गया. हाथी को देख कुत्ते भौंकने लगे जिससे दौलतराम और उनकी पत्नी की नींद खुल गई.
दौलतराम बिस्तर से उठ रहा था, जिसे देख हाथी उन पर हमला कर दिया और पैरों से कुचल दिया. मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
वहीं, हाथी को देख उसकी पत्नी चुपचाप खाट पर लेटी रही, इससे उसकी जान बच गई.
इसके बाद हाथी गांव से निकलकर वापस जंगल की ओर चला गया. हाथी के जाने के बाद दौलतराम की पत्नी ने घटना की जानकारी गांव वालों को दी.
ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी. घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया.
परिजनों को तत्काल 25,000 रुपये की सहायता राशि दी गई है. शेष मुआवजा औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिया जाएगा.
वन विभाग के अधिकारी के अनुसार बाकारूमा रेंज में इस समय लगभग 19 हाथियों का दल घूम रहा है.
भोजन की तलाश में हाथी गांव के करीब पहुंच कर फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं.
वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने चेतावनी दी है. साथ ही हाथी प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराई गई है.