फिर कुएं में गिरा हाथी शावक
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार की सुबह फिर एक हाथी का शावक कुएं में गिर गया. जबकि दो दिन पहले की घरघोड़ा रेंज के चारमार बीट में एक हाथी का बच्चा कुएं में गिर गया था.
काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया था. इस बार खरसिया रेंज के तेन्दुमुड़ी बीट के गुर्दा सर्किल में यह घटना हुई है.
बताया गया कि घटना आज सुबह करीब 4 से 5 बजे के आसपास की है. इस क्षेत्र में हाथियों का बड़ा दल काफी दिनों से विचरण कर रहा है.
भोजन और पानी की तलाश में हाथियों का झुंड गांव के करीब भी पहुंच रहा है.
इस दौरान इस दल ने कई किसानों की फसल को रौंद कर नुकसान पहुंचाया है. इसके अलावा ग्रामीणों के घरों में भी तोड़-फोड़ की है.
बुधवार की रात को छाल वन परिक्षेत्र से करीब 30 हाथियों का एक झुंड खरसिया रेंज की ओर पहुंचा.
हाथियों का यह झुंड गुर्दा सर्किल के तेंदुमुड़ी बीट के जंगल होते हुए गांव के करीब पहुंच गया था.
बताया जा रहा है कि इस दल में कुछ छोटे शावक भी शामिल हैं. उसी में से एक शावक राजेश कुमार राठिया के आम बगीचा स्थित कुएं के पास पहुंच कर पत्ते खाने की कोशिश कर रहा था.
उसी दौरान पैर फिसल गया और सीधे वह कुएं में जा गिरा. आज सुबह चिंघाड़ने की आवाज सुनी तो ग्रामीणों को इसके बारे में जानकारी हुई.
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. वन विभाग की टीम के साथ मिलकर ग्रामीणों ने शावक को बाहर निकाला.
इस दौरान करीब पांच घंटों तक काफी मशक्कत करनी पड़ी. हाथी शावक देखने मौके पर भारी भीड़ मौजूद रही.
हाथी के शावक को कुएं से बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन से रास्ता बनाया गया.
दूसरी ओर वन अमला ने लोगों को हाथियों से सतर्क रहने की अपील की है.