मरवाही में हाथी की दस्तक से दहशत, महुआ और तेंदूपत्ता संग्रहण का काम थमा
पेन्ड्रा । डेस्क: छत्तीसगढ़ के मरवाही वन मंडल अंतर्गत गुल्लीडांड बीट में एक जंगली हाथी की मौजूदगी ने ग्रामीणों के बीच भारी दहशत पैदा कर दी है. पिछले दो दिनों से हाथी के इस इलाके में डेरा जमाने के कारण स्थानीय लोगों का जंगलों में जाना पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे सीजनल तेंदूपत्ता और महुआ संग्रहण का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह हाथी पड़ोसी कोरबा जिले के पाषण वन परिक्षेत्र से भटककर मरवाही वन मंडल में दाखिल हुआ है. वर्तमान में हाथी गुल्लीडांड ब्लॉक के कंपार्टमेंट नंबर 2025 में विचरण कर रहा है.
हालांकि अब तक किसी भी जान-माल या फसल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन हाथी द्वारा एक साइकिल को क्षतिग्रस्त करने की घटना सामने आई है.
वन विभाग की टीम, बीट गार्ड से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक, लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है.
विभाग द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से गांवों में मुनादी कराई जा रही है और ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की कड़ी चेतावनी दी गई है.
मरवाही परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश साहू ने बताया कि ग्रामीणों को हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.
विशेष रूप से महुआ बीनने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है क्योंकि इस सीजन में उनकी आवाजाही जंगल में अधिक रहती है. स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीमें स्थिति को नियंत्रित करने और हाथी को रिहायशी इलाकों से दूर रखने के लिए लगातार मुस्तैद हैं. Symbolic Photo