चुनाव आयोग ने CEC ज्ञानेश कुमार के दौरों का खर्च बताने से किया इनकार
नई दिल्ली । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के आधिकारिक दौरों और उन पर हुए जन-धन के खर्च को लेकर चुनाव आयोग पर पारदर्शिता की अनदेखी करने का आरोप लगाया है. गोखले का दावा है कि सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत मांगी गई इन जानकारियों को चुनाव आयोग ने "व्यक्तिगत जानकारी" बताते हुए सार्वजनिक करने से इनकार कर दिया है.
साकेत गोखले ने बताया कि उन्होंने 18 जून को एक RTI आवेदन के जरिए ज्ञानेश कुमार के पदभार संभालने के बाद से उनके सभी घरेलू और विदेशी दौरों का ब्योरा मांगा था. इसमें यात्रा की तिथियां, गंतव्य, उद्देश्य, साथ गए अधिकारियों का विवरण और यात्रा, ठहराव व दैनिक भत्ते पर सरकारी खजाने से हुए खर्च का ब्रेक-अप शामिल था.
हालांकि, चुनाव आयोग ने 31 जुलाई को दिए अपने जवाब में RTI कानून की धारा 8(1)(j) का हवाला देते हुए कहा कि यह व्यक्तिगत जानकारी है, इसलिए इसे साझा नहीं किया जा सकता.
चुनाव आयोग के इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए साकेत गोखले ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि सार्वजनिक धन से की गई आधिकारिक यात्राओं का खर्च 'व्यक्तिगत जानकारी' कैसे हो सकता है?
उन्होंने कहा कि जब संसद में प्रधानमंत्री की विदेशी यात्राओं का खर्च उजागर किया जा सकता है, तो चुनाव आयोग आखिर क्या छिपाने की कोशिश कर रहा है? गोखले ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब जवाबदेही और पारदर्शिता से पूरी तरह दूर होकर काम कर रहा है. फिलहाल इस मामले और गोखले के आरोपों पर चुनाव आयोग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.