चुनाव आयोग विवाद पर प्रतिक्रिया: आपत्तियां उठाई गईं, लेकिन फैसले सर्वसम्मत थे
नई दिल्ली । डेस्क: 'द इंडियन एक्सप्रेस' की उस खोजी रिपोर्ट पर पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें चुनाव आयोग (EC) के भीतर मतभेद का दावा किया गया था. समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) के अनुसार, अनाम अधिकारियों ने आयोग के भीतर दो चुनाव आयुक्तों द्वारा उठाए गए सवालों और आपत्तियों की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि आयोग के अंतिम फैसले सर्वसम्मति से ही लिए गए थे.
पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मतदाता सूची के संशोधन, विभिन्न राज्यों से नामों को हटाने और मतदाता आंकड़ों के रख-रखाव से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आपत्तियां जताई थीं.
अधिकारियों ने अखबार की उस रिपोर्ट को खारिज नहीं किया जिसमें कहा गया था कि दोनों चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार उन फैसलों पर औपचारिक रूप से आपत्ति दर्ज कराई थी, जो कथित तौर पर उनकी जानकारी के बिना लिए गए थे. न ही अधिकारियों ने इस रिपोर्ट को झूठा या गलत बताया.
इसके बजाय, अधिकारियों का कहना था कि देश भर में चलाए गए विशेष गहन संशोधन (SIR) से संबंधित चुनाव आयोग के सभी निर्णयों को अंततः मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त संधू और जोशी तीनों की मंजूरी मिली थी.
पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग को संचालित करने वाले कानून और सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों के अनुसार, आयोग के निर्णय यथासंभव सर्वसम्मति से होने चाहिए. यदि सर्वसम्मति न बन पाए, तो बहुमत के विचार को ही मान्य माना जाता है.
गौरतलब है कि यह प्रतिक्रिया 'द इंडियन एक्सप्रेस' की उस रिपोर्ट के बाद आई है, जिसमें कहा गया था कि तीन सदस्यीय चुनाव आयोग के भीतर विशेष गहन संशोधन (SIR) से जुड़े फैसलों पर बार-बार सवाल उठाए गए थे. रिपोर्ट में दावा किया गया था कि संधू और जोशी ने 10 महीनों में कम से कम 14 बार (एक दिन में चार बार तक) अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं.
इस खुलासे के बाद से विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है तथा तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.