रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में हाथी के हमले में वृद्ध गंभीर

C

CG Khabar

03 सित. 2026, 01:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 10

घायल वृद्ध
घायल वृद्ध

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में उदयपुर वन परिक्षेत्र के ससाकालो-जुगमा जंगल में बुधवार दोपहर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग पर जंगली हाथी ने जानलेवा हमला कर दिया. इस अचानक हुए हमले में वृद्ध के सीने, चेहरे, हाथ और पैरों में बेहद गंभीर चोटें आई हैं. घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों को उन्हें तुरंत ऑक्सीजन सपोर्ट पर जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा.


घटना बुधवार दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच की है, जब ससाकालो लिपिंगी के रहने वाले बिशुन (60 वर्ष), पिता दसरू मझवार, अपनी साइकिल से लक्ष्मणगढ़ की तरफ से एक स्थानीय वैद्य से मिलने जा रहे थे. घने जंगल के रास्ते से गुजरते समय उनका सामना अचानक एक विशालकाय हाथी से हो गया. बिशुन को संभलने या भागने का जरा भी मौका नहीं मिला और हाथी ने सीधे उन पर हमला कर दिया.

विज्ञापन


हाथी के हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. हालांकि, पथरीले और दुर्गम रास्तों के कारण वहां तक किसी भी गाड़ी का पहुंचना असंभव था. ऐसे में ग्रामीणों और वनकर्मियों ने गजब की मानवीय मिसाल पेश करते हुए घायल वृद्ध को खाट (चारपाई) पर लिटाया और कड़ी मशक्कत के बाद पैदल ही उन्हें जंगल से बाहर सुरक्षित रास्ते तक लेकर आए.


जंगल से बाहर निकालने के पश्चात वन विभाग की गाड़ी से बुजुर्ग को फौरन उदयपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. वन विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल अंतरिम राहत राशि सौंप दी है, ताकि इलाज में कोई रुकावट न आए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP