महिला कर्मचारियों को हटाने पर एफिल टावर के सीईओ का इस्तीफा
नई दिल्ली । डेस्क: पेरिस के विश्व प्रसिद्ध एफिल टावर का संचालन करने वाली कंपनी (SETE) के महानिदेशक पैट्रिक ब्रानको रुइवो साल के अंत में अपने पद से हट जाएंगे. 5 सितंबर को एक हिंदू धार्मिक संगठन के दौरे के दौरान एफिल टावर की महिला कर्मचारियों को ड्यूटी से दूर रखने के मामले में हुई स्वतंत्र जांच के बाद यह कदम उठाया गया है.
जांच में इस दौरे के आयोजन को लेकर गंभीर प्रशासनिक और परिचालन खामियां पाई गईं, जिसके चलते महिला कर्मचारियों को काम से अलग रखा गया था.
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (BAPS) के प्रतिनिधिमंडल के एफिल टावर दौरे के दौरान प्रबंधन ने महिला कर्मचारियों को नजर न आने और कुछ विशेष क्षेत्रों में जाने से बचने का निर्देश दिया.
कुछ महिला कर्मियों को अलग कमरों में बैठने के लिए कहा गया, तो कई जगह उनकी जगह पुरुष सहकर्मियों को तैनात कर दिया गया. इस भेदभावपूर्ण निर्देश के विरोध में एफिल टावर के कर्मचारियों ने 7 सितंबर को हड़ताल कर दी, जिससे हर साल लगभग 70 लाख पर्यटकों को आकर्षित करने वाला यह ऐतिहासिक स्मारक पूरे दिन के लिए बंद रहा.
कर्मचारी संघ ने प्रबंधन के इस रवैये को कार्यस्थल पर असमानता और भेदभावपूर्ण बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया था. कर्मचारियों का कहना था कि फ्रांस का प्रतीक माना जाने वाला एफिल टावर लैंगिक समानता और सम्मान के मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता है, और इस तरह की नीतियां अस्वीकार्य हैं.
मामले के तूल पकड़ने पर BAPS ने स्पष्टीकरण जारी कर कहा था कि यह केवल दौरे के सुचारू संचालन और रसद प्रबंधन से जुड़ा एक व्यवस्थागत निर्णय था, और इसका उद्देश्य किसी भी तरह से लिंग आधारित भेदभाव करना नहीं था.
वहीं, कंपनी बोर्ड के अध्यक्ष एरियल वेल ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए संस्थान में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए नए प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू करने का निर्देश दिया है.
गौरतलब है कि यह घटना 5 सितंबर को उस समय हुई जब पेरिस में एक नए पारंपरिक हिंदू मंदिर के भव्य उद्घाटन समारोह के सिलसिले में बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (BAPS) के लगभग 100 प्रतिनिधियों का एक दल एफिल टावर के दौरे पर पहुंचा था.
इस धार्मिक प्रतिनिधिमंडल की यात्रा को सुचारू बनाने के नाम पर टावर प्रबंधन ने एक ऐसा आदेश जारी किया, जिसने पूरे संस्थान में विवाद खड़ा कर दिया.
प्रबंधन ने मौखिक निर्देश देकर एफिल टावर की महिला कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे वीआईपी प्रतिनिधिमंडल के सामने न आएं और उनके मार्ग में पड़ने वाले क्षेत्रों में जाने से बचें. कई ड्यूटी प्वाइंट्स पर कार्यरत महिला कर्मियों को हटाकर उनकी जगह पुरुष सहकर्मियों को तैनात कर दिया गया, वहीं कुछ महिला कर्मचारियों को अपनी नियमित ड्यूटी छोड़कर अलग कमरों में जाकर बैठने के निर्देश दिए गए.
इस घटना की जानकारी सामने आते ही कर्मचारियों में भारी असंतोष फैल गया. कर्मचारियों और उनके संघ ने इसे महिला अधिकारों का हनन, लैंगिक भेदभाव और कार्यस्थल पर महिलाओं को अदृश्य बनाने का गंभीर प्रयास करार दिया. उनका कहना था कि फ्रांस का राष्ट्रीय प्रतीक माना जाने वाला एफिल टावर समानता और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए ऐसी किसी भी नीति को स्वीकार नहीं किया जा सकता.
प्रबंधन के इस कदम के विरोध में 7 सितंबर को कर्मचारियों ने एक दिवसीय हड़ताल बुलाई, जिससे एफिल टावर को बंद करना पड़ा. इसके बाद उठे राजनीतिक और सामाजिक दबाव को देखते हुए एक स्वतंत्र फर्म से इसकी जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट में प्रबंधन के फैसलों को पूरी तरह से गलत ठहराया गया और अंततः सीईओ पैट्रिक ब्रानको रुइवो के इस्तीफे का मार्ग प्रशस्त हुआ.