मिस्र: टीवी प्रेजेंटर सारा खलीफा समेत 12 लोगों को मौत की सजा
नई दिल्ली । डेस्क: मिस्र की एक आपराधिक अदालत ने टीवी प्रेजेंटर सारा खलीफा और 11 अन्य लोगों को नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े मामले में फांसी की सजा सुनाई है. काहिरा क्रिमिनल कोर्ट ने पाया कि इन आरोपियों ने एक संगठित आपराधिक गिरोह बनाकर नशीले पदार्थ बनाने वाली सामग्री की आपूर्ति की और बड़े पैमाने पर ड्रग्स की तस्करी की.
इस मामले में कुल 28 आरोपी शामिल थे, जिनके पास से 750 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ, अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया था. अदालत ने मामले में शामिल नौ अन्य सह-आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई, जबकि साक्ष्यों के अभाव में सात लोगों को बरी कर दिया.
39 वर्षीय सारा खलीफा मिस्र में एक चर्चित चेहरा रही हैं. वह अल-महवार टीवी चैनल पर सुरक्षा और अपराध पर आधारित मशहूर शो "मिशन इम्पॉसिबल" की एंकर थीं. इसके अलावा वह एक कॉस्मेटिक सर्जरी क्लिनिक और इवेंट प्लानिंग कंपनी चलाती थीं और सोशल मीडिया पर उनके 20 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे.
सुनवाई के दौरान सारा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया और कोर्ट के सामने रोते हुए खुद को निर्दोष बताया. उन्होंने कहा कि उन्होंने जिंदगी में कभी सिगरेट तक नहीं पी है और उनके माता-पिता ने उन्हें अच्छे संस्कार दिए हैं, इसलिए उन्हें ड्रग्स के पैसे की जरूरत नहीं है.
अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह गिरोह विदेशों से कच्चा माल आयात कर रिहायशी इलाकों में सिंथेटिक ड्रग्स तैयार करता था और फिर उनकी बिक्री करता था. मिस्र के कानून के तहत मृत्युदंड के मामलों में देश के ग्रैंड मुफ्ती की गैर-बाध्यकारी धार्मिक राय ली जाती है, जिसके बाद ही यह फैसला सुनाया गया.
हालांकि, हालिया न्यायिक सुधारों के तहत आरोपियों के पास इस फैसले के खिलाफ अपील करने और पुनर्विचार याचिका दायर करने का कानूनी अधिकार मौजूद है.
सारा खलीफा को अप्रैल 2025 में गिरफ्तार किया गया था और उसी दिन एक अन्य मामले में उन्हें अपने ड्राइवर से मारपीट और वीडियो बनाने के आरोप में तीन साल की जेल की सजा भी सुनाई गई है. मिस्र में ड्रग्स तस्करी, आतंकवाद और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के लिए मृत्युदंड का प्रावधान है.