गिरफ्तार कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के ठिकानों पर ED का छापा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले और धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार 20 अगस्त को गिरफ्तार कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर छापेमारी की. इसके साथ ही राजधानी रायपुर में भी कुछ अन्य स्थानों पर जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है.
छापेमारी की खबर मिलते ही धमतरी के औद्योगिक वार्ड स्थित अग्रवाल के घर के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्र हो गए. धमतरी विधायक ओंकार साहू की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया.
मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को डराने और धमकाने के लिए ईडी और सीबीआई का नियमित इस्तेमाल किया जा रहा है.
बैज ने कहा कि रामगोपाल अग्रवाल पहले से ही ईडी की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है, इसके बावजूद उनके घर पर छापेमारी करना केवल विपक्ष को निशाने पर लेने की राजनीति है.
गौरतलब है कि रामगोपाल अग्रवाल को पिछले महीने राज्य की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने कथित कोयला लेवी घोटाले में गिरफ्तार किया था. इसके बाद 11 अगस्त को ईडी ने शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में बंद अग्रवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया था.
जांच एजेंसी के अनुसार, भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल 2019-2022 के दौरान इस कथित शराब घोटाले को अंजाम दिया गया था. ईडी का दावा है कि राजनीतिक हस्तियों और वरिष्ठ नौकरशाहों के एक सिंडिकेट ने आबकारी विभाग को हाइजैक कर सरकारी खजाने को करीब ₹2,883 करोड़ का नुकसान पहुंचाया.
वहीं, EOW का अनुमान है कि इस घोटाले में अपराध से अर्जित राशि ₹3,500 करोड़ से अधिक हो सकती है. इस मामले में अब तक 6 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित 81 लोगों को आरोपी बनाया गया है.