SC में ECI का खुलासा: बंगाल में वोटर लिस्ट संशोधन के 37 लाख मामले लंबित
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) के तहत नाम हटाने और जोड़ने को लेकर दायर की गई अपीलों का निपटारा बेहद धीमी गति से हो रहा है. निर्वाचन आयोग ने उच्चतम न्यायालय में दाखिल अपने जवाबी हलफनामे में जानकारी दी है कि राज्य में दायर कुल 38.20 लाख अपीलों में से 37 लाख से अधिक मामले अब भी लंबित हैं.
शीर्ष अदालत द्वारा गठित अपीलीय ट्रिब्यूनल अब तक केवल 1.02 लाख मामलों का ही निपटारा कर सके हैं. हालांकि, आयोग ने अपने हलफनामे में यह स्पष्ट नहीं किया है कि इनमें से कितने मामले सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ हैं और कितने नए नाम शामिल करने के विरोध में दायर किए गए हैं.
यह मामला कांग्रेस की बंगाल इकाई की एसआईआर समिति के अध्यक्ष प्रसेनजीत बोस की याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया. याचिका में उन मतदाताओं के विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की गई है, जिनके नाम संशोधन प्रक्रिया के दौरान हटा दिए गए थे.
याचिकाकर्ता के अनुसार, शुरुआती चरण में ही करीब 58 लाख मतदाताओं के नाम बाहर कर दिए गए थे. इसके बाद दावे और आपत्ति चरण के दौरान लाखों आवेदन मिलने के बावजूद अंतिम मतदाता सूची में केवल 1.82 लाख नए नाम ही जोड़े गए.
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान न्यायाधीश सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने चुनाव आयोग से अपीलों के त्वरित और समयबद्ध निपटारे के लिए उठाए जा रहे कदमों का ब्योरा मांगा है. अदालत ने आयोग से यह भी बताने को कहा है कि लंबित मामलों को तेजी से सुलझाने के लिए कितने अतिरिक्त ट्रिब्यूनल की आवश्यकता होगी.
उल्लेखनीय है कि इन अपीलों पर सुनवाई के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश द्वारा 19 ट्रिब्यूनल का गठन किया गया है, जिनमें करीब 700 न्यायिक अधिकारियों को तैनात किया गया है.
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व में यह साफ कर दिया था कि केवल मतदाता सूची से नाम कटने के आधार पर किसी की नागरिकता तय नहीं होती, लेकिन इस प्रक्रिया से प्रभावित लोगों को प्रशासनिक स्तर पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
राज्य सरकार ने एसआईआर के तहत हटाए गए नामों वाले व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित करने का रुख अपनाया है. दूसरी ओर, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आश्वासन दिया है कि आगामी 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले वोटर लिस्ट से जुड़े सभी विवादों और शिकायतों का पूरी तरह से समाधान कर लिया जाएगा.