ECI का SC में हलफनामा: बंगाल में SIR प्रक्रिया का चुनाव नतीजों पर कोई असर नहीं
नई दिल्ली । डेस्क: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर साफ किया है कि SIR प्रक्रिया के कारण राज्य के चुनाव परिणामों पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ा है. आयोग ने तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ'ब्रायन की उन 31 निर्वाचन क्षेत्रों में फिर से चुनाव कराने की याचिका का कड़ा विरोध किया है, जहां उनका दावा था कि नामों को हटाने (कटौती) का आंकड़ा भारतीय जनता पार्टी की जीत के अंतर से अधिक था.
चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के इस तर्क की धज्जियां उड़ाते हुए अदालत को बताया कि खुद याचिकाकर्ता के आंकड़ों के मुताबिक, 21 ऐसी सीटें भी हैं जहां हटाये गए नामों की संख्या तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों की जीत के अंतर से ज्यादा थी.
अगर याचिकाकर्ता का यही नियम माना जाए, तो उनकी अपनी पार्टी की जीत पर भी वही सवाल खड़े होते हैं. आयोग ने स्पष्ट किया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट (ASDD) जैसी अयोग्य प्रविष्टियों को हटाने के बाद अधिकांश सीटों पर शुद्ध कटौतियां जीत-हार के अंतर से कम थीं, जिससे तृणमूल का यह दावा पूरी तरह काल्पनिक साबित होता है.
सुप्रीम कोर्ट में दायर अपने जवाब में आयोग ने SIR प्रक्रिया में शामिल रहे न्यायिक अधिकारियों पर आरोप लगाने के लिए याचिकाकर्ता को आड़े हाथों लिया. आयोग ने इन आरोपों को अनुचित, चौंकाने वाला और अवमानना के करीब बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों और हमलों के बावजूद न्यायिक अधिकारियों ने पूरी निष्पक्षता और लगन से काम किया है.
चुनाव आयोग ने याचिकाकर्ता पर आरोप लगाया कि उन्होंने सभी कटौतियों को 'मताधिकार से वंचित करना' बताकर भ्रामक और गलत तस्वीर पेश करने की कोशिश की है.
कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए चुनाव आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 329 (B) का उल्लेख किया और कहा कि किसी भी विधायी चुनाव के परिणामों को सिर्फ चुनाव याचिका (Election Petition) के जरिए ही चुनौती दी जा सकती है, किसी अंतरिम आवेदन के माध्यम से नहीं.
हालांकि, आयोग ने अदालत में यह स्वीकार किया कि नाम जोड़ने और हटाने के खिलाफ आए 38.31 लाख से अधिक अपीलों में से अब तक केवल 1.26 लाख का ही निपटारा हो सका है, जबकि 37 लाख से ज्यादा मामले लंबित हैं. आयोग ने इस भारी लंबित मामलों के जल्द निपटारे के लिए अपीलीय न्यायाधिकरणों की संख्या को 19 से बढ़ाने का सुझाव भी दिया है.