E20 फ्यूल विवाद: राहुल गांधी बोले- 'दाल ही काली है'
नई दिल्ली । डेस्क: इथेनॉल-मिश्रित E20 पेट्रोल को लेकर देश में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने E20 फ्यूल को एक बड़ा मुद्दा बताते हुए आरोप लगाया है कि यह लोगों के दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचा रहा है और उनकी जेब पर सीधा डाका डाल रहा है.
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले में थोड़ी-बहुत नहीं, बल्कि 'पूरी दाल ही काली है'. उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस इस मुद्दे को बड़े पैमाने पर उठाएगी.
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी (AAP) ने E20 फ्यूल नीति के खिलाफ 8 अगस्त से देशभर में एक व्यापक टाउन हॉल अभियान शुरू करने का ऐलान किया है.
AAP सांसद संजय सिंह ने बताया कि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के निर्देशों पर यह राष्ट्रव्यापी जागरूकता अभियान पश्चिम बंगाल से शुरू होकर गुजरात, हरियाणा, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, बिहार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ तक चलेगा.
AAP का दावा है कि देश के लगभग 30 करोड़ वाहन E20 ईंधन के अनुकूल नहीं हैं, जिससे वाहन चालकों को माइलेज में गिरावट और इंजन में खराबी का सामना करना पड़ रहा है.
हालांकि, केंद्र सरकार और ऑटोमोबाइल निर्माताओं ने वाहनों पर E20 के गंभीर प्रभावों के दावों को खारिज किया है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संसद में स्पष्ट किया था कि E20 ईंधन पूरी तरह सुरक्षित है.
सरकार के अनुसार, वाहनों की श्रेणी और उम्र के हिसाब से माइलेज में महज 2 से 6 प्रतिशत की मामूली कमी आ सकती है, लेकिन विभिन्न परीक्षणों में ईंधन के कारण इंजन खराब होने का कोई मामला सामने नहीं आया है.