दुर्ग: बाइक के बकाया विवाद पर युवक की हत्या
दुर्ग । संवाददातता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल क्षेत्र स्थित ग्राम नारधा में बाइक के लेनदेन का पुराना विवाद एक खूनी वारदात में बदल गया. पुलिस ने हत्या के इस संवेदनशील मामले का पर्दाफाश करते हुए 53 वर्षीय मुख्य आरोपी अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है.
वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
प्राप्त विवरण के अनुसार, 4 अगस्त को ओखरा रोड पर बरगद के पेड़ के पास नारधा निवासी भीषम गायकवाड़ पर जानलेवा हमला हुआ था. पेट और पीठ पर गंभीर चोटें आने के कारण भीषम को तत्काल इलाज के लिए मुरमुंदा स्थित मां कर्मा अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
शुरुआत में पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़ दी गईं.
पुलिस की तकनीकी जांच और गांव में की गई पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि भीषम ने आरोपी अरविंद चतुर्वेदी से एक बाइक ली थी. लंबे समय से अरविंद अपनी बाइक वापस मांग रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच लगातार तनातनी बनी हुई थी.
घटना वाले दिन इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आक्रोशित होकर अरविंद ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर भीषम को लूलुहान कर दिया था. साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.