दुर्ग: पाटन में युवक की सब्बल घोपकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित पाटन इलाके के आसोगा गांव में 11 सितंबर की दोपहर आपसी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. गांव में 26 वर्षीय भूपेन्द्र टंडन और 35 वर्षीय कामता कोसरे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में मारपीट होने लगी. इसी दौरान भूपेन्द्र ने पास ही रखी सब्बल उठाकर कामता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.
गंभीर रूप से जख्मी कामता को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में पाटन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही रानीतराई थाना पुलिस हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी भूपेन्द्र टंडन को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई सब्बल भी बरामद कर जब्त कर ली है.
मामले की जानकारी देते हुए एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि रानीतराई थाना क्षेत्र के आसोगा गांव से दो पक्षों में विवाद की सूचना प्राप्त हुई थी. सब्बल के हमले से एक युवक की जान चली गई है.
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या की असल वजह और घटना से जुड़ी अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.