दुर्ग: ईंट-पत्थर से कुचलकर युवक की हत्या, मामा-भांजा हिरासत में
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरूद बाजार चौक (वार्ड-22) में शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक युवक की मौके पर ही जान चली गई. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से ही दो संदिग्धों को अपनी हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार मूलतः उतई निवासी 40 वर्षीय पुरण भारती अपने दोस्त मनीष बघेल से मिलने उसके कमरे पर गया हुआ था. वहां मनीष अपने भांजे राज जोशी के साथ बैठकर जाम छलका रहा था. पुरण भी उनके साथ शामिल हो गया, लेकिन शराब की चुस्की के साथ ही किसी बात पर पुरण और राज जोशी के बीच बहस छिड़ गई.
कहासुनी और गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. तैश में आकर आरोपी राज जोशी ने पास ही पड़े ईंट और पत्थरों से पुरण के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे पुरण खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा और अत्यधिक चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
आश्चर्य की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी भांजा और उसका मामा दोनों शव के पास ही कमरे में मौजूद रहे. इसके बाद आरोपी के मामा मनीष बघेल ने ही खुद पुलिस को फोन कर इस घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही जामुल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया. घटनास्थल पर जुटी भीड़ के बीच पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए, शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर मेडिकल कॉलेज भिजवाया.
फिलहाल पुलिस ने मामा और बालिग आरोपी भांजे दोनों को हिरासत में ले लिया है. प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण शराब के नशे में हुआ आपसी विवाद ही बताया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपियों से जारी पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.