दुर्ग: संतोष साहू हत्याकांड में पत्नी व भतीजे को उम्रकैद
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अदालत ने संतोष साहू हत्याकांड में करीब तीन साल चले लंबे ट्रायल के बाद अपना ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. पंचम अपर सत्र न्यायाधीश दीपक कुमार कोशले की अदालत ने मृतक की पत्नी उमा बाई साहू और उसके भतीजे लॉकेश्वर उर्फ लक्की साहू को हत्या तथा आपराधिक षड्यंत्र का दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है.
इस संवेदनशील मामले में सरकार की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक नंदिनी चंद्रवंशी ने प्रभावी पैरवी की. न्यायालय ने दोनों दोषियों पर आर्थिक दंड भी लगाया है और साफ किया कि दोनों सजाएं एक साथ चलेंगी.
यह पूरा मामला मई 2023 का है, जब शुरुआत में इस मौत को बीमारी का रूप देने की कोशिश की गई थी. 28 मई 2023 की सुबह परिजनों को सूचना दी गई कि संतोष साहू की मौत दिल का दौरा पड़ने या सीने में दर्द की वजह से हुई है. हालांकि, जब रिश्तेदार घर पहुंचे तो उन्हें संतोष के गले पर संदिग्ध निशान दिखे और कमरे की स्थिति भी सामान्य नहीं लगी.
शक होने पर पुलिस को बुलाया गया. जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से टूटी हुई चूड़ियों के टुकड़े मिले और आरोपी पत्नी उमा बाई के चेहरे पर भी खरोंच के निशान थे. बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि संतोष की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि उसका गला घोंटा गया था.
पुलिस पड़ताल में यह बात सामने आई कि इस खौफनाक वारदात के पीछे गहरा पारिवारिक विवाद था. संतोष को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जबकि उमा बाई का आरोप था कि उसका पति घर खर्च के लिए पैसे नहीं देता था, जिससे घर में रोज झगड़े होते थे. इसी तनाव से तंग आकर उमा बाई ने अपने भतीजे लॉकेश्वर के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.
साजिश के तहत घटना से एक दिन पहले भतीजे को बुलाया गया, रात में संतोष को अत्यधिक शराब पिलाई गई और जब वह गहरी नींद में सो गया, तो तकिए, चादर और हाथों की मदद से उसका गला दबाकर उसे मार डाला गया.
अदालत में बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि इस घटना का कोई चश्मदीद गवाह नहीं है और पूरा मामला महज परिस्थितिजन्य साक्ष्यों (Circumstantial Evidence) पर टिका है. हालांकि, अदालत ने इस दलील को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि जब परिस्थितिजन्य सबूत आपस में जुड़कर एक पूरी कड़ी बना लेते हैं और किसी दूसरी संभावना को खत्म कर देते हैं, तो वे सजा के लिए पूरी तरह पर्याप्त होते हैं.
कॉल रिकॉर्ड्स, मोबाइल डेटा, घटनास्थल से जब्त चादर-तकिया और मेडिकल रिपोर्ट के आपसी तालमेल को देखते हुए कोर्ट ने दोनों को आईपीसी की धारा 302/34 और 120-बी के तहत मुजरिम माना और जेल भेज दिया.