दुर्ग हिंसा: पुलिस पर पथराव में CSP घायल, छावनी बना इलाका
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत शारदापारा इलाके में सोमवार शाम दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प ने तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है. बच्चों के मामूली विवाद से शुरू हुए इस झगड़े ने देखते ही देखते बड़े टकराव का रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से जमकर पत्थरबाजी की गई.
इस हिंसा को नियंत्रित करने पहुंचे छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा और कई अन्य पुलिसकर्मी उपद्रवियों के निशाने पर आ गए और चोटिल हो गए. स्थिति को बिगड़ते देख प्रशासन ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है, जहां 2 एएसपी और 12 थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 300 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है.
एसएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि विवाद की शुरुआत सोनकर मोहल्ले से हुई थी, जहां बुजुर्गों के हस्तक्षेप के बाद मामला हिंसक हो गया. पुलिस ने दोनों पक्षों के 9 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य दंगाइयों की पहचान की जा रही है.
इलाके में शांति बहाली के लिए मंगलवार सुबह पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला.
हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह तनाव पिछले दो दिनों से एक अन्य समुदाय विशेष के मामले को लेकर बना हुआ था.
घटना के विरोध में बजरंग दल और करणी सेना जैसे संगठनों ने थाने का घेराव कर नारेबाजी की और इसे एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल क्षेत्र में भारी सुरक्षा बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.