दुर्ग: दो सड़क हादसों में दो युवाओं की जान गई
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बीते बुधवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हथखोज के इंजीनियरिंग पार्क के पास हुए एक हादसे में एक अनियंत्रित हाइड्रा वाहन ने ड्यूटी पर तैनात मजदूर को अपनी चपेट में ले लिया. मृतक की पहचान ग्राम अकलोरडीह निवासी सुनील विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो बीआरडब्ल्यू फैब्रिकेशन कंपनी में काम करते था.
परिजनों का आरोप है कि हाइड्रा चालक (वाहन संख्या CG 13 D 6439) बेहद तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था. घटना के तुरंत बाद डायल-112 की मदद से घायल सुनील को सुपेला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
वहीं दूसरी दर्दनाक घटना रसमढ़ा बायपास रोड पर दोपहर करीब 3 बजे घटित हुई, जहां अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. मोहन नगर थाना क्षेत्र के आमापारा का रहने वाला 34 वर्षीय दीनू साहू उर्फ दीनू राम साहू पेशे से मिस्त्री था और 10 जून को अपनी मोटरसाइकिल (CG 07 DD 4248) से अपने माता-पिता से मिलने राजनांदगांव के बनबघेरा गांव जा रहा था.
बाइक पर उसके साथ रिश्तेदार कृष्णा साहू और दोस्त भवानी मांडवी भी सवार थे. यात्रा के दौरान तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था. इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
इस टक्कर में दीनू के सिर पर गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया, जबकि उसके दोनों साथियों को मामूली चोटें आई हैं.
दीनू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसके पीछे पांच साल का मासूम बच्चा और पांच महीने की गर्भवती पत्नी बेसहारा हो गए हैं.
सूचना मिलने में हुई देरी के कारण परिजन काफी समय तक परेशान होते रहे, जिसके बाद अंजोरा चौकी से आए एक फोन के जरिए उन्हें इस विपदा की जानकारी मिली.
पुलिस अब दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर घटनास्थलों के पास लगे सीसीटीवी कैमरों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है.