दुर्ग: दोस्त की चाकू घोंपकर हत्या, दो आरोपी पुलिस हिरासत में
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार दोपहर महज एक सिगरेट मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरि नगर इलाके में एक युवक की उसके ही परिचितों ने चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चित्रेश सहारे के रूप में हुई है, जो दुर्ग में अपनी परीक्षा देने आया हुआ था. घटना वाले दिन चित्रेश अपनी एक महिला मित्र के साथ हेरिटेज स्कूल के पीछे स्थित अपने दोस्त रवि के पीजी (पेइंग गेस्ट) रूम पर गया हुआ था.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) शोभराज अग्रवाल ने बताया कि पीजी में ही रहने वाले दो अन्य युवकों, वैभव मानकर और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर चित्रेश का विवाद शुरू हुआ था. इस दौरान महिला मित्र के साथ हुई कथित बदसलूकी के कारण कहासुनी और बढ़ गई. देखते ही देखते बात गाली-गलौज से होती हुई मारपीट तक पहुंच गई.
विवाद बढ़ने पर आरोपी वैभव और राजकुमार ने आपा खो दिया और चित्रेश पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में चित्रेश के पैर और जांघ पर गहरे जख्म आए और वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा.
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद जिला अस्पताल दुर्ग के मरचुरी में रखवा दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है. घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.