रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

दुर्ग: पति ने हंसिया से वार कर पत्नी की ली जान

C

CG Khabar

02 अग. 2026, 07:11 PM 2 मिनट में पढ़ें 17

हत्यारा-दुर्ग
हत्यारा-दुर्ग

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आपसी कहासुनी के बाद पति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 4, महामाया पारा का है. 


मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह घनश्याम यादव और उसकी पत्नी दुर्गा यादव के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से से आग बबूला हुए घनश्याम ने घर में रखे हंसिया से दुर्गा के गले और शरीर पर कई ताबड़तोड़ वार कर दिए.

विज्ञापन


वारदात के बाद आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल महिला को पास के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से मिली सूचना के बाद कुम्हारी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. 


पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भिजवा दिया है.


प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से लगातार अनबन चल रही थी और घटना वाले दिन भी इसी पारिवारिक कलह के चलते यह खूनी अंजाम देखने को मिला. 

छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पति को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP