दुर्ग गैंगरेप: मुख्य आरोपी राजू कश्यप निलंबित, 12 मार्च तक जेल
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सात साल तक नाबालिग के साथ हुए सामूहिक अनाचार के हृदयविदारक मामले में अब सरकारी तंत्र ने भी कड़ा रुख अपना लिया है. पुलिस द्वारा 7 फरवरी को गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी कृपाशंकर उर्फ राजू कश्यप को आखिरकार विभाग ने निलंबित कर दिया है.
विभाग के अधीक्षण अभियंता बीके पटोरिया ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं. हालांकि, गिरफ्तारी के काफी दिनों बाद हुई इस विभागीय कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं.
दूसरी ओर, इस जघन्य अपराध की कानूनी प्रक्रिया भी तेज हो गई है.
गुरुवार को चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) अनीश दुबे की अदालत में आरोपियों को पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उनकी न्यायिक रिमांड 12 मार्च तक के लिए बढ़ा दी है.
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों से कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनकी पुष्टि के लिए कड़ियां जोड़ी जा रही हैं.
उल्लेखनीय है कि इस मामले का खुलासा 31 जनवरी 2026 को हुआ था, जब दुर्ग महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.
मामले में मास्टरमाइंड कृपाशंकर समेत अनिल चौधरी, बीएन पांडेय, गोविंद सिंह, संजय पंडित, विजय स्वाइन और अमित वर्मा जैसे कुल सात आरोपी फिलहाल सलाखों के पीछे हैं.