दुर्ग: फोन न उठाने पर छात्रा की गला दबाकर हत्या, सहपाठी गिरफ्तार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सुभाष नगर इलाके में एक बीएड छात्रा को उसके ही सहपाठी ने मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है, जिसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, खैरागढ़ की रहने वाली यूनेश्वरी वर्मा दुर्ग के बीएम कॉलेज में बीएड की पढ़ाई कर रही थी और पिछले दो साल से शहर में किराए पर रह रही थी.
वहीं, बालोद निवासी आरोपी कार्तिक राम साहू (27) भी उसी कॉलेज का छात्र था. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से फोन कॉल न उठाने की बात को लेकर उनके बीच अनबन चल रही थी.
इसी विवाद को सुलझाने के बहाने कार्तिक, छात्रा को सुभाष नगर स्थित अपने कमरे पर लेकर आया.
वहाँ फिर से बहस शुरू हुई और आवेश में आकर कार्तिक ने यूनेश्वरी का गला घोंट दिया.
वारदात के बाद जब छात्रा बेसुध हो गई, तो आरोपी ने घबराकर खुद ही 108 एंबुलेंस को फोन किया.
मौके पर पहुँचे स्वास्थ्यकर्मियों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को घटना स्थल से ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है.