दुर्ग: BJP नेता की गर्दन पर चाकू से जानलेवा हमला, पुराना दोस्त फरार
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित उतई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में शनिवार सुबह रोजाना की तरह एक स्थानीय दुकान में चाय पी रहे भाजपा नेता राजेंद्र यादव पर पीछे से धारदार चाकू से हमला कर दिया गया. यह वार सीधे उनकी गर्दन पर किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हमले के तुरंत बाद आरोपी हथियार लहराते हुए वहां से भाग निकला.
लहूलुहान हालत में घायल भाजपा नेता को तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है.
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. घटना का एक वीडियो फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर वारदात को अंजाम देता हुआ साफ दिखाई दे रहा है.
दुर्ग ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मणिशंकर चंद्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दो परिचितों के बीच हुए इस विवाद में एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से वार किया है. पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. एएसपी के मुताबिक, आरोपी को जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा.
अस्पताल में उपचाराधीन राजेंद्र यादव ने पुलिस को दिए अपने बयान में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि हमलावर कोई अज्ञात व्यक्ति नहीं, बल्कि उनका ही एक पुराना दोस्त है.
हालांकि, पिछले तीन-चार वर्षों से दोनों के बीच किसी तरह की बातचीत नहीं थी. पीड़ित के अनुसार, उनके बीच पहले कोई पुरानी रंजिश या विवाद भी नहीं हुआ था, जिसके चलते इस अचानक हुए हमले के कारणों को लेकर पुलिस अलग-अलग पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है.