दुर्ग: 10 लाख के चेक बाउंस मामले में 4 माह की सजा, 12 लाख क्षतिपूर्ति
दुर्ग । संवाददाता: निजी व व्यावसायिक जरूरतों के लिए उधार ली गई 10 लाख रुपए की रकम का चेक बाउंस होने पर दुर्ग की न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आकांक्षा राठौर की अदालत ने सख्त रुख अपनाया है. अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए अम्बिका ट्रेडर्स के प्रोप्राइटर राजेश लालवानी को दोषी करार दिया और उसे 4 माह के सश्रम कारावास की सजा सुनाई.
इसके साथ ही कोर्ट ने परिवादी नंदन प्रकाश कारेरा को क्षतिपूर्ति के रूप में 12 लाख रुपए देने का आदेश जारी किया है. यह राशि अपील अवधि समाप्त होने के बाद फैसले की तिथि से चार माह के भीतर अदा करनी होगी, और तय समय में भुगतान न करने पर दोषी को 3 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना पड़ेगा.
अधिवक्ता नीरज चौबे के मुताबिक, पुरानी जान-पहचान होने के कारण परिवादी ने आरोपी को 10 लाख रुपए उधार दिए थे. इसके एवज में राजेश लालवानी ने 26 मई 2018 की तारीख का चेक सौंपा था, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर 29 मई को बाउंस हो गया.
विधिक नोटिस भेजने के बावजूद रकम न मिलने पर यह कानूनी लड़ाई शुरू हुई.
सुनवाई के दौरान आरोपी ने दलील दी कि उसने वर्ष 2013 में लिए गए 1.60 लाख रुपए के बदले सुरक्षा के तौर पर कोरा चेक दिया था जिसका गलत इस्तेमाल हुआ है. हालांकि, कोर्ट में रकम वापसी की कोई रसीद या चेक के दुरुपयोग से जुड़ी शिकायत का दस्तावेज पेश न कर पाने के कारण अदालत ने उनके बचाव को खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया.