दुर्ग: 16 युवा और नाबालिग रेस्क्यू, बाल तस्करी और अवैध श्रम की आशंका
दुर्ग । संंवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग बस स्टैंड पर पुलिस, चाइल्डलाइन और विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की संयुक्त कार्रवाई में 16 युवाओं को एक बस से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जिनमें 7 नाबालिग शामिल हैं. राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर शाम यह कार्रवाई की गई.
शुरुआती जांच के बाद प्रशासन बाल तस्करी और अवैध बाल श्रम के कोण से मामले की गहराई से पड़ताल कर रहा है.
सभी बच्चे कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं, जिन्हें काम का झांसा देकर ले जाया जा रहा था. पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे सुबह से भूखे-प्यासे सफर कर रहे थे.
उन्हें पहले भोजन कराया गया, जिसके बाद काउंसिलिंग और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई. नाबालिगों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश करने के बाद शेल्टर होम भेज दिया गया है.
बच्चों ने अधिकारियों को बताया कि उन्हें रोजगार का आश्वासन तो दिया गया था, लेकिन वे अपनी अंतिम मंजिल से अनजान थे. कुछ को रायपुर में तो कुछ को उत्तर प्रदेश में 15,000 रुपये प्रति माह के वेतन पर काम दिलाने का दावा किया गया था.
पुलिस ने बस स्टैंड पर बच्चों को रिसीव करने पहुंचे एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसके अंतरराज्यीय गिरोह या ठेकेदार से जुड़े होने की आशंका है. ज़िला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू के अनुसार, जांच के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.